महाराष्ट्र: रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत

raigarh maharashtra 8 drown in sea (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

महाराष्ट्र: रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत

 

रायगढ़ । महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन तहसील स्थित दिवेआगर बीच पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. समुद्र में नहाने के दौरान आठ छात्रों की डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद चलाए गए तलाशी अभियान में सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए.

पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स अकादमी के 11वीं और 12वीं साइंस के करीब 30 से 40 छात्र पर्यटन के लिए दिवेआगर आए थे. छात्र समुद्र तट पर घूमने और खेलने के दौरान पानी में उतरे थे. इसी दौरान कुछ छात्र समुद्र में नहाने लगे.

बताया जा रहा है कि पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण आठ छात्र डूब गए. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

शुरुआत में सात छात्रों के शव बरामद किए गए थे और एक छात्र की तलाश जारी थी. बाद में चलाए गए अभियान में आठवें छात्र का शव भी बरामद कर लिया गया.

हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान यश किरण वानखेडे, सोहम तुकाराम भांडवलकर, तन्मय दत्तात्रय वाहिले, कौस्तुभ संदीप दौंड, कैवल्य वासनकर, राजवीर वहिले, प्रणव बनसोडे, सुमित अहिरे के तौर पर हुई है.

घटना के बाद दिवेआगर बीच पर पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद हैं. प्रशासन की ओर से आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

एक साथ आठ छात्रों की मौत से पिकनिक की खुशियां मातम में बदल गईं. हादसे की सूचना पीड़ित परिजनों को दिए जाने के साथ ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

By IANS

Disclaimer: This article has been written by the news agency IANS. TheHindiPost.In has neither written nor edited this article, nor has it independently verified the information contained herein. TheHindiPost.In assumes no responsibility or liability of any kind for the information provided in this article.

The Hindi Post
error: Content is protected !!