एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे पर आपस में भिड़े दो विमान
एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे पर आपस में भिड़े दो विमान, BIG NEWS
वाशिंगटन | अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे (टारमैक) पर शनिवार को दो विमान आपस में टकरा गए. इस घटना में दो लोग घायल हुए है. यह हादसा अमेरिका में उड़ानों के थमने (ग्राउंड स्टॉप) से मची अफरा-तफरी के एक दिन बाद हुआ है. शुक्रवार को ग्राउंड स्टॉप के कारण अलग-अलग हवाई अड्डों पर लाखों यात्री फंस गए थे.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शनिवार को स्थानीय समयानुसार रात करीब 9:15 बजे उस समय हुई जब दोनों विमान एयरपोर्ट के टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहे थे. इस दौरान पनामा सिटी से आ रहे कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान का विंगटिप (पंख का किनारा) मालवाहक विमान, यूपीएस बोइंग 767 के अगले हिस्से (नोज) से टकरा गया. कोपा एयरलाइंस के इस विमान में 166 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे.
कोपा एयरलाइंस ने पुष्टि की है कि दोनों विमानों की टक्कर में दो लोग घायल हुए हैं. एयरलाइंस ने एक बयान में कहा, “विमान टर्मिनल पर खड़ा है और सभी यात्री सुरक्षित नीचे उतर गए हैं. दो यात्रियों को हवाई अड्डे के चिकित्साकर्मियों (पैरामेडिक्स) द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया है. उन्हें मामूली चोटें आई हैं.”
एयरलाइन कंपनी ने आगे कहा कि अन्य सभी यात्री और चालक दल के छह सदस्य “अच्छी स्थिति” में हैं. एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, “इस स्थिति के कारण हुई असुविधा के लिए हमें खेद है. हम दोहराते हैं कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. हम जांच में अधिकारियों का पूरा सहयोग करेंगे.”
आईएएनएस
