क्वाड शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी से मिले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, बोले- “वह बहुत सख्त…..”
मनीला | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘ए वेरी टफ मैन’ (बेहद सख्त व्यक्ति) बताया.
फिलीपींस में क्वाड नेताओं की बहुप्रतीक्षित बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “वैसे, वह (प्रधानमंत्री मोदी) वाकई ‘ए वेरी टफ मैन’ हैं. जापानी प्रधानमंत्री ताकाइची शायद उनसे भी ज्यादा टफ हैं और हम (मैं और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज) – आह, हम भी ठीक हैं.”
ट्रंप वाशिंगटन और क्वाड सदस्य देशों के बीच संबंधों का जिक्र कर रहे थे.
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करने से पहले कहा, “मैं इन तीनों के साथ लंबे समय से रहा हूं और वे असाधारण लोग हैं. वे मेरे मित्र हैं, इसलिए इससे मदद मिलती है.”
इस बैठक में अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित क्वाड के सभी चार नेता एक साथ आए. ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल में यह इन नेताओं की पहली बैठक थी.
पिछली क्वाड लीडर्स समिट 21 सितंबर, 2024 को विलमिंगटन, डेलावेयर में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की मेजबानी में हुई थी. इसके घोषणापत्र में भारत द्वारा 2025 में शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने की परिकल्पना की गई थी और यह पुष्टि की गई थी: ‘क्वाड कायम रहेगा.’
इस साल की शुरुआत में ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘महान नेता’ और ‘बेहद दृढ़ निश्चयी’ बताया था और एक्सियोस के साथ एक साक्षात्कार में सत्ता, कूटनीति और वैश्विक नेतृत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्हें उन विश्व नेताओं में शामिल किया था जिनकी वह सबसे अधिक प्रशंसा करते हैं.
BY IANS
‘ए वेरी टफ मैन’, क्वाड सदस्यों से मुलाकात के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रधानमंत्री मोदी को लेकर बयान























