सीएम योगी ने फौजी परिवारों के लिए किए तीन ऐलान

Yogi Adityanath CM 3 (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

सीएम योगी ने फौजी परिवारों के लिए किए तीन ऐलान

 

मेरठ | यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के लिए तीन बड़ी घोषणाएं कीं. मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र और अशोक चक्र सहित सभी वीरता पुरस्कारों की एकमुश्त राशि और वार्षिकी (एनुइटी) को दोगुना करने का ऐलान किया है. इसके साथ ही शहीदों के आश्रितों को घर खरीदने या बनाने के लिए स्टांप ड्यूटी की सीमा को 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है.

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि शहीद के किसी एक आश्रित को अब उनके गृह जनपद या निकटवर्ती जनपद में ही नौकरी दी जाएगी. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 27.50 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण भी किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता को मिलने वाली 52 लाख की एकमुश्त राशि और 3.12 लाख की वार्षिकी को दोगुना किया जाएगा. इसी तरह महावीर चक्र (31 लाख एकमुश्त और 2.37 लाख वार्षिकी), वीर चक्र (20.80 लाख एकमुश्त और 1.37 लाख वार्षिकी), अशोक चक्र (32.50 लाख एकमुश्त और 1.50 लाख वार्षिकी), कीर्ति चक्र (19.50 लाख एकमुश्त और 1.30 लाख वार्षिकी) और शौर्य चक्र (13 लाख एकमुश्त और 65 हजार वार्षिकी) सहित सेना मेडल, सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल और युद्ध सेवा मेडल की पुरस्कार राशि दोगुनी की जाएगी.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 27.50 करोड़ रुपये की लागत से आठ जनपदों—औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संतकबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण किया तथा ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का विमोचन भी किया.

By IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!