हैदराबाद: यौन उत्पीड़न के आरोपी ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने आत्महत्या की कोशिश की

shadowed woman image

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

हैदराबाद: यौन उत्पीड़न के आरोपी ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने आत्महत्या की कोशिश की

 

हैदराबाद | हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी में ट्रेनिंग कर रहे यौन उत्पीड़न करने के आरोपी ट्रेनी आईपीएस अफसर ने सोमवार को कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की. रविवार को उनके खिलाफ एक महिला ट्रेनी अफसर ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था.

हैदराबाद के मोती नगर में अपने रिश्तेदार के घर पर उदय कृष्ण रेड्डी नामक ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें एसआर नगर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया. फ़िलहाल उनका इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में इलाज चल रहा है.

आत्महत्या की कोशिश से पहले आरोपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि उनके खिलाफ शिकायतें और अफवाहें बेबुनियाद और झूठी हैं. उन्होंने कहा था कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और यकीन है कि न्याय होगा. उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि कोई भी खबर चलाने से पहले तथ्यों की पुष्टि की जाए.

पुलिस ने रविवार को 30 वर्षीय महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था. शिकायत करने वाली महिला का आरोप है कि एकेडमी में ट्रेनिंग के दौरान उदय कृष्ण रेड्डी ने 23 जून से 10 जुलाई के बीच उन्हें परेशान किया.

अट्टापुर पुलिस स्टेशन में दर्ज अपनी शिकायत में महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने उदय कृष्ण रेड्डी पर अभद्र मैसेज भेजने और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया. आरोप है कि उन्होंने महिला का प्राइवेट वीडियो भी रिकॉर्ड किया और उसे उनके पति को भेज दिया.

शिकायत करने वाली महिला के मुताबिक, आरोपी ने 23 जून को वाट्सएप के जरिए अभद्र मैसेज भेजकर उसे परेशान करना शुरू किया. महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी ने साथी ट्रेनीज के सामने उनके बारे में अपमानजनक बातें कहीं और उन पर एक दूसरे ट्रेनी के साथ यौन संबंध होने का झूठा आरोप लगाया.

शिकायत करने वाली महिला ने यह भी कहा कि उदय कृष्ण रेड्डी ने उन्हें डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल करके उनके पर्सनल मैसेज जाहिर करने पर मजबूर किया. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी उनका मोबाइल फोन अपने कमरे में ले गया था और उसका पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया था.

आरोपी ट्रेनी अधिकारी ने कथित तौर पर महिला ट्रेनी आईपीएस की जानकारी के बिना उनका प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किया था और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने के इरादे से उनके पति को भेज दिया.

प्रकाशम जिले के उल्लापालेम के रहने वाले उदय कृष्ण रेड्डी ने पिछले साल सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 350 हासिल की थी. वह आईपीएस चुने गए थे. रेड्डी ने सरकारी स्कूल से पढ़ाई की थी और 2013 में कॉन्स्टेबल के तौर पर पुलिस बल में शामिल हुए थे.

पुलिस कॉन्स्टेबल से आईपीएस अधिकारी बनने के उनके सफर की सभी ने तारीफ की थी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर लिखा था, “उदयकृष्ण रेड्डी का कॉन्स्टेबल से आईपीएस अधिकारी बनने का यह सफर साबित करता है कि जब सपने के पीछे साहस और अथक परिश्रम हो, तो कोई भी सपना बड़ा नहीं होता. उनकी यह कहानी हमें याद दिलाती है कि दृढ़ संकल्प हर बाधा को तोड़ सकती है और एक नई नियति लिख सकता है. भविष्य उन्हीं का है जो कभी हार नहीं मानते.”

Written By IANS

“मेरे ऊपर कंडोम फेंके और…”, ट्रेनी महिला आईपीएस ने पुरुष साथी ट्रेनी आईपीएस पर लगाए सनसनीखेज आरोप, फिर…

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!