साइकिल से स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की छात्रा को बाइक सवार बदमाशों ने मारी तीन गोलियां, ओवरटेक कर….

Crime Scene Deposit Photos (1)
The Hindi Post

साइकिल से स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की छात्रा को बाइक सवार बदमाशों ने मारी तीन गोलियां, ओवरटेक कर….

 

पटना | बिहार के समस्तीपुर जिले से सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की एक छात्रा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस वारदात से पूरे इलाके में गुस्से और दहशत का माहौल है. यह घटना सोमवार को वैनी थाना क्षेत्र के केजिया गांव में हुई.

पुलिस के मुताबिक, कस्तूरबा विद्यालय में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली यह छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. उसने स्कूल यूनिफार्म पहना हुआ था. वह अपने घर से ज्यादा दूर नहीं जा पाई थी तभी उस पर हमला हो गया.

हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. कई राउंड फायर किए गए. गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरूकी. शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने अपराध स्थल से कारतूस के चार खोखे बरामद किए. इसके अलावा, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और जिला जांच इकाई (DIU) की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया. इन टीमों ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.

प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि छात्रा को तीन गोलियां लगी हैं. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. सदर-1 के एसडीपीओ (SDPO) संजय कुमार पांडे ने इसे एक जघन्य अपराध बताया. उन्होंने कहा कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है.

एसडीपीओ ने खुलासा किया कि पीड़ित परिवार से मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान कर ली है. आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि परिवार ने हत्या के संभावित कारणों को लेकर भी कुछ अहम जानकारियां साझा की हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है.

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि हमलावरों की सटीक संख्या कितनी थी, इसका पता लगाया जाना अभी बाकी है. मामले की त्वरित और गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर रही है. अधिकारियों ने कहा कि जांच को वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है. हत्या में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं.

 

IANS/Hindi Post Dot In

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!