युवक ने स्कूल में घुसकर की महिला टीचर की हत्या, फिर खुद को भी मारी गोली
युवक ने स्कूल में घुसकर की महिला टीचर की हत्या, फिर खुद को भी मारी गोली
यूपी के लखीमपुर खीरी के एक प्राइवेट स्कूल में सोमवार सुबह क्लास के दौरान एक युवक ने महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद को भी गोली से उड़ा लिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
सदर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुरा कोठी स्थित कलेक्ट्रेट के सामने इस स्कूल में 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा पिछले एक साल से पढ़ा रही थीं. सुबह करीब 11:30 बजे नौरंगाबाद निवासी साउद अंसारी (28) उनसे मिलने पहुंचा. वह सीधे दूसरी मंजिल पर गया और निशात को क्लास से बाहर बुलाया. निशात के इनकार करने पर साउद उनका हाथ खींचकर कॉरिडोर में ले आया, जहां दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी. शोर सुनकर अन्य शिक्षक भी बाहर आ गए. इसी दौरान साउद ने बैग से तमंचा निकाला और निशात पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसके तुरंत बाद उसने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली.
फायरिंग की आवाज से पूरे परिसर में चीख-पुकार और दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इमारत को खाली कराया और सभी बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया. एसपी ख्याति गर्ग, एएसपी और सीओ सिटी ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है.
और जानकारी मिलने पर इस खबर को अपडेट किया जाएगा.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
