जमुई: नाबालिग लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में पुलिस ने लिया एक्शन

JAMUI

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

जमुई: नाबालिग लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में पुलिस ने लिया एक्शन

 

जमुई | बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव की बताई जा रही है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी.

मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार लड़के और लड़की को कुछ लोग रास्ते में रोक लेते हैं. वीडियो में लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का दृश्य दिखाई देता है. लड़की वहां मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर उन्हें जाने देने की अपील करती नजर आती है. वह कहती सुनाई देती है, “बच्चा हैं, जाने दीजिए. अब कभी नहीं आएंगे.” इस दौरान मौके पर कई अन्य लोग भी मौजूद थे.

जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो मिले थे. वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान की गई और उसका बयान दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान से पता चला कि घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है. एसपी ने बताया कि वीडियो के फ्रेम में छह-सात लोग दिखाई दे रहे हैं. इनमें से कुछ लोगों की पहचान पुलिस ने कर ली थी.

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस आगे की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे. इस मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि उन्होंने वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी ली है. उन्होंने बताया कि वीडियो में एक किशोरी लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना दिखाई दे रही है.

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में जमुई के जिलाधिकारी से बात की है. जिलाधिकारी ने उन्हें बताया कि घटना लखीसराय और जमुई की सीमा के पास शाम के समय हुई थी और यह 19 सितंबर की घटना है. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सोमवार शाम तक मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि वह इस मामले में जमुई के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजेंगी और घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जानकारी लेंगी. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

By IANS

बिहार : जमुई में लड़के-लड़की से अभद्रता के मामले में तीन गिरफ्तार, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

 

अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!