बाइक पर सवार होकर आए आतंकी और कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग, कांस्टेबल आशिक हुसैन शहीद
फोटो: आईएएनएस
बाइक पर सवार होकर आए आतंकी और कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग, कांस्टेबल आशिक हुसैन शहीद
श्रीनगर | जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग कस्बे में बुधवार को हुए आतंकवादी हमले में एक स्थानीय पुलिसकर्मी की मौत हो गई.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतक पुलिसकर्मी की पहचान आईआरपी की तीसरी बटालियन के कांस्टेबल आशिक हुसैन के रूप में हुई है. वह अनंतनाग कस्बे में गश्त कर रहे थे तभी संदिग्ध आतंकवादियों ने उन पर हमला कर दिया.
सूत्रों ने बताया, “उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पूरे इलाके को घेर लिया गया है और पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. सभी प्रवेश और निकास मार्गों को बंद कर दिया गया है.”
सूत्रों के अनुसार, यह हमला बाइक सवार आतंकवादियों ने किया. उन्होंने चलती बाइक से गश्त पर तैनात पुलिसकर्मी पर गोलियां चलाईं. घायल पुलिसकर्मी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
यह गोलीबारी बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे अनंतनाग कस्बे के लाल चौक पर हुई जहां सुरक्षा ड्यूटी पर पुलिस की एक टीम तैनात थी.
रिपोर्ट के अनुसार, बडगाम जिले के बीरवाह इलाके के रहने वाले पुलिसकर्मी आशिक हुसैन को गंभीर हालत में पहले अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
यह घटना अमरनाथ यात्रा के दौरान कश्मीर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने के बीच हुई है.
अनंतनाग में बाइक सवार आतंकियों के हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत (By IANS)
