धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राहुल गांधी का सबसे पहला रिएक्शन, VIDEO

RAHUL GANDHI (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राहुल गांधी का सबसे पहला रिएक्शन, VIDEO

 

नई दिल्ली | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को शिक्षा व्यवस्था को संवारने की दिशा में अहम कदम बताया है.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा शिक्षा व्यवस्था को फिर से संवारने की दिशा में बहुत बड़ा कदम है. शाबाश देशभर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है. सड़कों पर आकर लोकतंत्र, संविधान और अपने भविष्य की रक्षा में डटकर खड़े होने वाले हर एक युवा, हर छात्र को बहुत-बहुत बधाई.

उन्होंने पोस्ट में कुछ मांगों का जिक्र किया. राहुल गांधी ने लिखा कि 2 मांगें अभी बाकी हैं. प्रधानमंत्री छात्रों और भारत के भविष्य को सम्मान देते हुए माफी मांगें और छात्रों पर हिंसा के दोषियों पर कार्रवाई हो. समाज के दूसरे वर्गों किसानों, मजदूरों, गरीबों, हर वो व्यक्ति जिसे इस सरकार ने दबाया है, कुचला है-अपने सम्मान के लिए संवैधानिक तरीके से डटकर खड़े होने में ही असली साहस है. इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है.


 

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत के युवाओं ने उन लोगों से अपने देश को वापस लेना शुरू कर दिया है, जिन्होंने उनकी आवाज दबाने की कोशिश की थी. आज वह दिन है जब एक अलोकतांत्रिक और दमनकारी सरकार को भारत की जनता की इच्छा के आगे झुकना पड़ा. आप सभी लड़के-लड़कियां जो सही बात के लिए बिना डरे खड़े रहते हैं, उनसे मेरा कहना है कि कभी अपनी हिम्मत को दबने न दें. आप हमारे खूबसूरत देश की आत्मा हैं, हमेशा मजबूत और बहादुर बने रहें.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जवाबदेही से भागने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश की शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग के साथ पेपर लीक के खिलाफ राहुल गांधी एवं लाखों छात्रों के संघर्ष की आज जीत हुई है. भारी दबाव के आगे पीएम मोदी को झुकना पड़ा है और अंततः शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने को मजबूर होना पड़ा. पीएम मोदी ने उनका काफी समय तक बचाव किया, लेकिन उन्हें बचा नहीं पाए. यह इतिहास में दर्ज हो गया कि कैसे छात्रों पर पैलेट गन चलाने जैसी बर्बरता हुई और छात्रों की आवाज बुलंद करने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कैसे घसीटा गया. आज लोकतंत्र की जीत हुई और तानाशाही की हार हुई है. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली इस अंधी-बहरी सरकार को जनता माफ नहीं करेगी और हमारा यह संघर्ष छात्रों को न्याय मिलने तक जारी रहेगा.

आईएएनएस

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर गरजे राहुल गांधी, बोले-इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया


The Hindi Post
error: Content is protected !!