“E20 तो प्रधानमंत्री जी आपको वापस लेना पड़ेगा, शांति से ले लो नहीं तो….”, बोले केजरीवाल

Arvind Kejriwal 123 (1)
The Hindi Post

“E20 तो प्रधानमंत्री जी आपको वापस लेना पड़ेगा, शांति से ले लो नहीं तो….”, बोले केजरीवाल

 

नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र आंदोलन को समर्थन देने के बाद आम आदमी पार्टी अब पेट्रोल में इथेनॉल सम्मिश्रण (E20 पेट्रोल) के खिलाफ केंद्र सरकार पर हमलावर है. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार E20 पेट्रोल थोपने के लिए कंपनियों और जनता पर दबाव बना रही है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या तो शांति से E20 फैसले को वापस लें, अन्यथा देश की जनता इसे वापस लेने पर मजबूर कर देगी.

‘कंपनियों को दी जा रही ईडी और प्लांट बंदी की धमकी’
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने 29 ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या वर्ष 2023 से पहले निर्मित वाहनों में E20 का इस्तेमाल सुरक्षित है? उन्होंने यह भी पूछा था कि यदि E20 के प्रयोग से गाड़ियां खराब होती हैं या माइलेज कम होता है तो क्या कंपनियां इसका हर्जाना भरेंगी?

पूर्व सीएम ने दावा किया कि केंद्र सरकार के दबाव के कारण किसी भी कंपनी ने लिखित में जवाब नहीं दिया लेकिन 9 कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे फोन पर बातचीत की.

केजरीवाल ने कहा, “कंपनियों के बड़े अधिकारियों ने कहा कि सर मोदी सरकार खुलेआम धमकी दे रही है. सच्चाई टेक्निकली यह है कि गाड़ियां खराब होंगी और माइलेज भी घटेगी. लेकिन हमें धमकी दी गई है कि यदि तुमने यह जनता के बीच कहा तो खैर नहीं है, प्लांट बंद करा देंगे, ईडी की रेड करा देंगे. हम यह लिखकर नहीं दे सकते हैं. मोदी सरकार यह दबाव डाल रही है कि लिखकर दो कि E20 सेफ है. लिखकर दे दिया तो जनता कोर्ट में जाकर हर्जाना मांगेंगी, हम कुछ भी लिखकर नहीं दे सकते हैं. मोदी सरकार कंपनियों पर दबाव डालकर क्यों गुंडागर्दी कर रही है.”

केजरीवाल ने पूछा कि मोदी सरकार E20 पर क्यों जबरदस्ती कर रही है, 30 करोड़ गाड़ियां हैं जो 2023 के पहले की हैं. इन 30 करोड़ गाड़ियों को मोदी जी कंडम बनाने में लगे हैं. क्यों, क्या हित है मोदी जी का?

केजरीवाल ने कहा कि इथेनॉल पेट्रोल से महंगा है, माइलेज कम देता है. विदेशी मुद्रा नहीं बचती, इतने आर्टिकल आ चुके हैं, इथेनॉल से किसानों का कोई फायदा नहीं होता, लंबे लंबे आर्टिकल आ चुके हैं. जहां इथेनॉल बनता है वहां कई किलोमीटर तक का पानी खराब हो जाता है. फिर इथेनॉल में मोदी जी की इतनी दिलचस्पी क्यों है? यह सोचने वाली बात है.

केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने इथेनॉल के खिलाफ शनिवार को जिस टाउनहॉल की घोषणा की है, उसे रुकवाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने कांस्टीट्यूशन क्लब से बुकिंग रद्द करने को कहा और जब उन्होंने इनकार किया तो सौरभ भारद्वाज से संपर्क करके पुलिस ने अनुमति लेने को कहा. केजरीवाल ने कहा कि इनडोर कार्यक्रम के लिए अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है. बाद में उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह पुलिस से अनुमति नहीं लेंगे और कार्यक्रम तय समय और स्थान पर ही होगा.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जनता को पुलिस की धमकी ना दी जाए क्योंकि वे इससे डरती नहीं है. केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने E20 वापस नहीं लिया तो जनता ऐसा करवा लेगी.

उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि बता दो किस किस बात की परमिशन लेनी है, खाने की भी परमिशन लेनी है, पीने की भी लेनी है, नहाने की भी लेनी है सोने की भी लेनी है? प्रधानमंत्री जी पुलिस की धमकी मत दो, जनता ने दिखा दिया कि आपकी पुलिस से नहीं डरती. डंडे ही तो मारोगे, जेल ही तो भेजोगे. सब करके देख लिया आपने लेकिन इस देश की जनता नहीं मानी. E20 तो प्रधानमंत्री जी आपको वापस लेना पड़ेगा, शांति से ले लो नहीं तो जनता करवा लेगी.”

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!