अब कैसी है कैप्टेन स्मित मच्छार की तबियत ? भारतीय राजदूत ने बताया

smit machchhar pilot 222 (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

अब कैसी है कैप्टेन स्मित मच्छार की तबियत ?, भारतीय राजदूत ने बताया

 

अबू धाबी | संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने गुरुवार को दुबई के अस्पताल पहुंचकर फ्लाईदुबई के जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और उनके परिजनों से मुलाकात की. राजदूत ने बताया कि जानलेवा हमले में घायल हुए कैप्टन स्मित की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है, वह बातचीत कर रहे हैं और उनका हौसला पूरी तरह बुलंद है.

राजदूत दीपक मित्तल ने कहा, “कैप्टन स्मित खुलकर बात कर रहे हैं और मुस्कुरा रहे हैं. यह उनके परिवार और हम सभी के लिए बहुत बड़ी राहत है.”

उन्होंने बताया कि कैप्टन को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिल रही है और भारतीय दूतावास लगातार यूएई प्रशासन के संपर्क में है. इससे पहले कैप्टन स्मित को सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर दुबई लाया गया था. राजदूत ने कहा कि कैप्टन स्मित ने अदम्य साहस दिखाकर एक बड़ी विमान त्रासदी को टाल दिया जिस पर पूरे देश को गर्व है.

विदेश मंत्रालय और दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने भी परिजनों से मिलकर सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. वहीं सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित की पत्नी और माता-पिता से फोन पर बात की. पीएम ने कैप्टन की जांबाजी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके साहसिक कदम ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई.

गौरतलब है कि बुधवार को उड़ान के दौरान साथी पायलट ने कैप्टन स्मित पर कथित तौर पर हमला कर दिया था जिससे विमान तेजी से नीचे गिरने लगा था. लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हमलावर का मुकाबला किया था और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था जिसके बाद यात्रियों की मदद से आरोपी को काबू कर विमान की सऊदी अरब में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई जा सकी थी.

By IANS

कप्तान स्मित अस्पताल में खुलकर बात कर रहे, मुस्कुरा रहे और हंस रहे : भारतीय राजदूत

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!