जरुरी खबर: भारी बारिश का अलर्ट, कल स्कूल रहेंगे बंद
फोटो: आईएएनएस
जरुरी खबर: भारी बारिश का अलर्ट, कल स्कूल रहेंगे बंद
उत्तर भारत में मौसम के बिगड़े मिजाज और भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अलर्ट के मद्देनजर छात्र सुरक्षा को देखते हुए शनिवार, 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और झारखंड के कई जिलों में विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया गया है. यह फैसला सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी बोर्डों के स्कूलों पर प्रभावी होगा.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, अयोध्या और कौशाम्बी में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, बांदा, चित्रकूट और कानपुर देहात में कक्षा 1 से 8 तक अवकाश घोषित किया गया है.
रांची (झारखण्ड) में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी आदेश के अनुसार, केजी से 12वीं तक के सभी सरकारी, निजी व अल्पसंख्यक स्कूलों में शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा. हालांकि, सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को ई-विद्यावाहिनी पर उपस्थिति दर्ज कर गैर-शैक्षणिक कार्य करने होंगे. मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलजमाव, नदियों के बढ़ते जलस्तर और सड़क हादसों की आशंका जताई है, जिसके चलते प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है.
उत्तराखंड के नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में भी भारी बारिश के खतरे को देखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी का आदेश जारी किया गया है. प्रशासन ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे खराब मौसम में बच्चों को घरों में सुरक्षित रखें.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
