दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को मारा थप्पड़, मच गया बवाल

parvesh verma slaps youth
The Hindi Post

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को मारा थप्पड़, मच गया बवाल

 

नई दिल्ली । दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा पर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह के साथ काम करने वाले साहिब सिंह ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है. साहिब सिंह ने दावा किया कि निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें थप्पड़ मारा. उन्होंने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. दिल्ली के तिलकनगर में सड़क के निरीक्षण के दौरान यह घटना हुई.

आईएएनएस से बातचीत में साहिब सिंह ने घटना के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के साथ समन्वय का काम करते हैं और उनके सोशल मीडिया एकाउंट्स को देखते हैं. उनके मुताबिक, मंत्री प्रवेश वर्मा इलाके में निरीक्षण के लिए आए थे. जब उन्हें जानकारी मिली कि मंत्री इलाके में निरीक्षण के लिए आ रहे हैं तो वह भी वहां पहुंच गए. साहिब ने अन्य लोगों के साथ मिलकर प्रवेश वर्मा को सड़क की खराब हालत के बारे में जानकारी दी. साहिब सिंह के अनुसार, उस समय वह विधायक जरनैल सिंह के पेज पर घटना की लाइव स्ट्रीमिंग भी कर रहे थे.

साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि चल रही लाइव स्ट्रीम को रोकने के लिए प्रवेश वर्मा ने मेरे हाथ से फोन छीन लिया. इसके बाद उन्होंने मुझ पर हाथ उठाया और मुझे थप्पड़ मारा. उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी मुझे धक्का दिया और मेरे साथ मारपीट की.

साहिब सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ आए कुछ लोगों ने उन्हें धमकी भी दी. शिकायत में उन लोगों के नाम भी दिए गए हैं. अब आगे की कार्रवाई पुलिस पर निर्भर करती है. साहिब सिंह ने कहा कि प्रवेश वर्मा दिल्ली सरकार के मंत्री हैं, इसलिए उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए.

इस मामले में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मंत्री प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार किया जाए. मैं सोमवार को वहां जाऊंगा.

AAP विधायक जरनैल सिंह ने लिखा कि यह दिल्ली की भाजपा सरकार के मंत्री हैं. सड़क का निरीक्षण करने आए थे लेकिन घोटाला उजागर होते देखकर आपा खो बैठे और वीडियो रिकॉर्ड करने वाले मेरे साथी के साथ गुंडागर्दी कर बैठे.

 

By IANS

AAP से जुड़े युवक ने लगाया आरोप- मंत्री प्रवेश वर्मा ने मारा थप्पड़, कार्रवाई की मांग

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!