पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता का किया जिक्र, मच गया बवाल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया जवाब, क्या कहा ?
पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता का किया जिक्र, मच गया बवाल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया जवाब, क्या कहा ?
ग्रेटर नोएडा | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संवैधानिक पदों की गरिमा न बनाए रखने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ये नेता भारत की संस्कृति को बदनाम करने और देश के लिए ‘पहचान का संकट’ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे.
इससे पहले हामिद अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के हवाले से कहा था कि भारत के लिए खतरा साम्यवाद नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है. इस पर विवाद खड़ा हो गया है.
सीएम योगी ने अंसारी के बयान को देश की संस्कृति और परंपरा के लिए “दुर्भाग्यपूर्ण” और “भयावह” करार दिया. उन्होंने कहा, “कुछ लोग अपने पदों की गरिमा बनाए रखने में असमर्थ होते हैं और उसके ठीक विपरीत आचरण करना उनकी आदत बन जाती है.”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अंसारी की यह टिप्पणी “विश्व पटल पर भारत की साख को धूमिल करने के उसी एजेंडे का हिस्सा है जिसे भारत विरोधी ताकतें लगातार आगे बढ़ा रही हैं.” उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति पर हिंदू सनातन परंपरा का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, “इसे आतंकवाद से जोड़ने के भी प्रयास किए गए.”
व्यक्तिगत विचारों की स्वतंत्रता का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा, “एक व्यक्ति के अपने विचार हो सकते हैं लेकिन जब कोई व्यक्ति किसी उच्च पद पर आसीन होता है, तो उससे संविधान के अनुरूप आचरण करने और देश की संप्रभुता तथा अखंडता में ठोस योगदान देने की अपेक्षा की जाती है.” उन्होंने आगे कहा, “जब ऐसे भटके हुए लोग भारत की व्यवस्था का हिस्सा बनते हैं तो वे देश को नुकसान पहुंचाते हैं और विश्व में राष्ट्र की गलत छवि पेश करने का प्रयास करते हैं.”
इसके साथ ही, सीएम योगी ने इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला और उनके आचरण को असभ्य करार दिया. गौरतलब है कि इंदौर के इस कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ मंच साझा करते हुए एक स्टैंड-अप कॉमेडियन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री (नकल) किए जाने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है.
सीएम योगी ने कहा, “कोई भी सभ्य व्यक्ति इस प्रकार का आचरण नहीं करता.” उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारतीय संस्कृति महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों का सम्मान करना सिखाती है.
उन्होंने कहा, “जिन्होंने ऐसे संस्कार और मूल्य नहीं सीखे हैं और जिनका एकमात्र उद्देश्य भारत को अपमानित करना बन गया है, उनसे ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को समझने या महिलाओं को ईश्वरतुल्य सम्मान देने की अपेक्षा नहीं की जा सकती.”
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की संस्कृति कट्टरता और सांप्रदायिकता की सीख नहीं देती. सीएम योगी ने कहा, “सनातन धर्म के अनुयायियों ने संकट के समय कई सभ्यताओं और लोगों को शरण दी है जिसके लिए दुनिया के कई देश आज भी भारत के प्रति कृतज्ञ हैं.”
By IANS
