Thursday, 19 November 2026
राज्य

पाकिस्तान क्यों जाना चाहते हैं पंजाब सीएम भगवंत मान? विदेश मंत्रालय से मांगी इजाजत

The Hindi Post

पाकिस्तान क्यों जाना चाहते हैं पंजाब सीएम भगवंत मान? विदेश मंत्रालय से मांगी इजाजत

 

चंडीगढ़ | पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के लिए विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी मांगी है.

आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान के नारोवाल जिले में स्थित श्री करतारपुर साहिब जाने के लिए आधिकारिक अनुमति का अनुरोध किया है. मुख्यमंत्री का यह अनुरोध ऐसे समय में आया है जब विदेश मंत्रालय ने कुछ दिन पहले ही स्पष्ट किया था कि विदेश यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी राष्ट्रीय नीति के अनुसार ही दी जाती है.

नई दिल्ली में 13 नवंबर को आयोज‍ित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में एमईए प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा था कि दूसरे देशों के साथ रिश्तों को लेकर भारत की एक राष्ट्रीय नीति है और विदेश जाने वाले गणमान्य व्यक्तियों को दी जाने वाली राजनीतिक मंजूरी उसी नीति के आधार पर तय की जाती है.

उन्होंने यह बात लाहौर में होने वाले ‘वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस’ के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान को मिले न्योते से जुड़े एक सवाल के जवाब में कही थी.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, “जब बात दूसरे देशों के साथ संबंधों की आती है तो हमारी एक राष्ट्रीय नीति है और हम उम्मीद करते हैं कि सभी उसका पालन करें. जहां तक विदेश यात्रा के लिए गणमान्य लोगों को राजनीतिक मंजूरी देने की बात है, विदेश मंत्रालय अपनी समग्र नीति के अनुसार हर मामले का आकलन करता है और उसी आधार पर फैसला लिया जाता है.”

पाकिस्तान को लेकर भारत के रुख पर बोलते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा, “पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत की क्या स्थिति है, यह सभी के लिए पूरी तरह स्पष्ट है.”

इससे पहले अगस्त में विदेश मंत्रालय ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया था. रेवंत रेड्डी 23 अगस्त को ब्रिटेन से अमेरिका के एक सप्ताह के दौरे पर जाने वाले थे. विदेश मंत्रालय ने उस समय कहा था कि मुख्यमंत्री के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम उनके पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप नहीं थे, इसलिए उन्हें मंजूरी नहीं दी गई.

तब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था, “मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के विदेश दौरों का विदेश मंत्रालय की ओर से मूल्यांकन किया जाता है, ताकि राजनीतिक मंजूरी दी जा सके. ऐसे मामलों में प्रस्तावित कार्यक्रम संबंधित पद और यात्रा के उद्देश्य के हिसाब से उपयुक्त होने चाहिए. इस मामले में अमेरिका यात्रा के लिए ऐसा नहीं था, इसलिए मंजूरी नहीं दी गई.”

By IANS

सीएम भगवंत मान जाएंगे श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करने, विदेश मंत्रालय से मांगी अनुमति

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

error: Content is protected !!