Thursday, 19 November 2026
राज्य

एक लापता ASI, जली हुई कार और महिला हेड कांस्टेबल… जांच में सामने आई खौफनाक कहानी

The Hindi Post

बोरे में भरा शव फिर पूरे दिन…., एएसआई मर्डर केस में हुए खौफनाक खुलासे, कार में जलाकर मारा था, कौन निकली मास्टरमाइंड ?

 

अरावली | 45 वर्षीय असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) की कथित तौर पर हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए उनके शव के साथ कार को आग लगाने के आरोप में 37 वर्षीय महिला हेड कांस्टेबल और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

यह घटना 10 नवंबर को तब सामने आई थी जब भिलोदा तालुका के पादरा गांव के बाहरी इलाके में हथमती नदी के पास पूरी तरह जली हुई मारुति अर्टिगा कार बरामद हुई थी. कार के अंदर इंसानी कंकाल के अवशेष मिले थे. शुरुआत में इसे दुर्घटनावश मौत का मामला माना गया था लेकिन मामले में तब नया मोड़ तब आया जब मृतक के पिता ने आशंका जताई कि यह अवशेष (कार में मिले) उनके बेटे एएसआई अश्विनभाई तबियाड के हैं. एएसआई अश्विनभाई 8 नवंबर की रात चिथोडा पुलिस स्टेशन में ड्यूटी के लिए निकलने के बाद से लापता थे.

जांच में खुलासा हुआ कि एएसआई तबियाड उसी पुलिस स्टेशन में तैनात महिला हेड कांस्टेबल अल्फाबेन कलासवा के साथ रिश्ते में थे. पुलिस के अनुसार, कलासवा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थीं, जबकि तबियाड कथित तौर पर उन पर इसे जारी रखने का दबाव बना रहे थे. पुलिस ने बताया कि कलासवा ने 8 नवंबर की रात एएसआई तबियाड को चिथोडा स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया और कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी.

अगली सुबह, कलासवा ने शव को एक बोरे में भरने के लिए कथित तौर पर अपने भाई कल्पेश कलासवा (36) और चचेरे भाई पंकजकुमार कलासवा (28) की मदद ली थी. मृतक की अर्टिगा कार को कनादार गांव के पास एक जंगली इलाके में छिपाने के बाद, कल्पेश और उसके दोस्त मनोजकुमार निनामा (33) ने कथित तौर पर विजयनगर से पेट्रोल खरीदा था. 9 नवंबर की देर रात, अल्फाबेन, कल्पेश और मनोज ने कथित तौर पर शव को अर्टिगा के अंदर रख कर जला दिया था. इस दौरान अल्फाबेन के चेहरे, हाथों और धड़ पर जलने के निशान आ गए, जिसके बाद उन्होंने कई शहरों में जाकर अपना इलाज कराया.

अरावली लोकल क्राइम ब्रांच और भिलोदा पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस मामले को सुलझाया है. फुटेज में आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई मारुति ईको की संदिग्ध आवाजाही और कल्पेश व मनोज को पेट्रोल खरीदते हुए देखा गया. पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर भिलोदा पुलिस ने 16 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया. वारदात में इस्तेमाल की गई ईको कार को जब्त कर लिया गया है और फोरेंसिक पुष्टि के लिए डीएनए सैंपल भेजे गए हैं, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है.

 

BY IANS

गुजरात: एएसआई की हत्या के मामले में महिला पुलिसकर्मी समेत चार गिरफ्तार

 

अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.

Disclaimer: This article has been written by the news agency IANS. TheHindiPost.In has neither written nor edited this article, nor has it independently verified the information contained herein. TheHindiPost.In assumes no responsibility or liability of any kind for the information provided in this article.

The Hindi Post

संबंधित खबरें

error: Content is protected !!