Thursday, 19 November 2026
राज्य

आग का गोला बना स्कूली बच्चों का ले जा रहा ऑटो, सिर्फ ढांचा बचा, जलकर पूरा हुआ खाक

The Hindi Post

आग का गोला बना स्कूली बच्चों का ले जा रहा ऑटो, सिर्फ ढांचा बचा, जलकर पूरा हुआ खाक

 

जमशेदपुर | झारखंड के जमशेदपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बच गया. बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोल चक्कर के पास स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक सीएनजी ऑटो में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत यह रही कि चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन बच्चों के स्कूल बैग और किताबें जलकर राख हो गईं. घटना बुधवार सुबह 8:30 बजे की है जब बच्चे ऑटो से स्कूल जा रहे थे. इसी दौरान जैसे ही वाहन बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोल चक्कर के पास पहुंचा, उसके इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें निकलने लगीं. चलती गाड़ी में आग भड़कते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ऑटो चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया. इस दौरान आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने बिना एक पल गंवाए त्वरित कार्रवाई की और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. सभी बच्चों के सकुशल बाहर आने के कुछ ही क्षण बाद आग ने विकराल रूप ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बच्चों के भीतर रखे स्कूल बैग, कॉपियां और किताबें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं.

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. इस दुर्घटना के कारण व्यस्त गोल चक्कर के पास कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया. अंदेशा जताया जा रहा है कि सीएनजी किट या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह आग लगी.

BY IANS

जमशेदपुर में स्कूली बच्चों को ले जा रहा सीएनजी ऑटो आग की लपटों से घिरा, सभी बच्चे सुरक्षित

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

error: Content is protected !!