दुस्साहस : थाने से महज सौ मीटर दूर 15 साल के बच्चे के सिर पर मारी गोली, मचा कोहराम
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
दुस्साहस : थाने से महज सौ मीटर दूर 15 साल के बच्चे के सिर पर मारी गोली, मचा कोहराम
पटना | बिहार के मुंगेर से दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है. इस घटना में एक किशोर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
यह पूरी घटना मुंगेर के सफियाबाद थाना क्षेत्र की है जहां दिनदहाड़े फायरिंग से घायल हुए 15 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान किशन कुमार के रूप में हुई है जिसे गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
मामले में एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छेड़खानी से जुड़ा विवाद सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक की बहन के साथ कुछ दिन पूर्व कुछ युवकों ने कथित तौर पर छेड़खानी की थी. इसी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने किशोर को बुलाया और उसके सिर में गोली मार दी.
वारदात सफियाबाद थाना भवन से महज 100 मीटर की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-80 स्थित चारभुजा मार्बल एंड ग्रेनाइट गोदाम के पीछे हुई. दिनदहाड़े फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस अब गोलीकांड में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. वहीं, थाने से इतनी कम दूरी पर हुई फायरिंग और इलाज के दौरान किशोर की मौत के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है.
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, विवाद की वजह और गोली चलाने वाले आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है. वहीं, किशोर की मौत के बाद परिवार गम में डूबा हुआ है. इलाके में मातमी सन्नाटा छा गया है.
BY IANS
बिहार : मुंगेर में थाने से महज सौ मीटर दूर दिनदहाड़े फायरिंग, किशोर की इलाज के दौरान मौत
अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.
