थाईलैंड-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट में भयानक टर्बुलेंस, कई यात्रियों को आईं चोटें

AIR INDIA

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

थाईलैंड-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट में भयानक टर्बुलेंस, कई यात्रियों को आईं चोटें

 

नई दिल्ली | थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली का आ रही एयर इंडिया की उड़ान को मंगलवार को भारी टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा है. इससे विमान के एल्टीट्यूड में अचानक बड़ा बदलाव आ गया और कई यात्रियों को चोटें आई हैं. एयर इंडिया भी इसकी पुष्टि कर चुका है.

हालांकि, विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग हो चुकी है और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा जा चुका है.

एयर इंडिया के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फुकेत से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट एआई2379 को उड़ान के दौरान कुछ देर के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा जिससे विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया.

हवाई जहाज दिल्ली में सुरक्षित उतर गया है और सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बाहर आ गए हैं.

बयान में आगे कहा गया कि अभी तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. जिन कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं और जिन्हें मेडिकल जांच की जरूरत है, उन्हें एहतियात के तौर पर जांच और देखभाल के लिए एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ द्वारा एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया है.

बयान के अंत में एयर इंडिया ने कहा कि हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया के लिए सबसे जरूरी है. हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं.

इससे पहले जून में दिल्ली से रायपुर जा रहा एयर इंडिया का एक विमान रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट (पक्षी टकराने) की घटना का शिकार हो गया था. हालांकि, विमान सुरक्षित उतरने में कामयाब रहा था और इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ था.

रायपुर एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, विमान रनवे पर उतरने के दौरान एक पक्षी से टकरा गया था. घटना के बाद एयर इंडिया ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत विमान की तकनीकी जांच और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक निरीक्षण कराए थे.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!