“मैडम से मिलना है…”, बोलकर स्कूल परिसर पहुंचा युवक, टीचर के आते ही गर्दन और शरीर पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात

knife-376383_640-1

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

“मैडम से मिलना है…”, बोलकर स्कूल परिसर पहुंचा युवक, टीचर के आते ही गर्दन और शरीर पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात

 

हरियाणा के फरीदाबाद के सिकरोना गांव से सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. पूरी वारदात स्कूल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई.

स्कूल के गेट पर बुलाकर किया हमला

मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है जो सिकरोना के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका थीं. सोमवार सुबह जब वह स्कूल में थीं तभी मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात युवक उनसे मिलने पहुंचा. संध्या जैसे ही स्कूल के मुख्य द्वार पर पहुंची आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर उनके गले और शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.

गंभीर रूप से घायल शिक्षिका मौके पर ही गिर पड़ीं. बीच-बचाव करने आए स्कूल स्टाफ पर भी आरोपी ने चाकू लहराते हुए हमला करने का प्रयास किया और फिर मौके से फरार हो गया. शिक्षिका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित हमला प्रतीत हो रहा है. हालांकि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है. आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं.

 

By Ep Web Desk

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!