‘अगर हमें गिरफ्तार किया गया तो ….’, अभिजीत दीपके की चेतावनी
सीजेपी अध्यक्ष अभिजीत दिपके / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
‘अगर हमें गिरफ्तार किया गया तो ….’, अभिजीत दीपके की चेतावनी
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनकी टीम को शाम के समय गिरफ्तार किया जा सकता है. साथ ही उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील की है. खास बात है कि शुक्रवार को सीजेपी और सरकार के प्रतिनिधियों की बैठक होने जा रही है. इससे पहले जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल तोड़ चुके हैं.
दीपके ने कहा, ‘और इनपुट मिला है मुझे अभी-अभी कि आज रात को शायद से कॉकरोच जनता पार्टी की टीम है, उन्हें अरेस्ट किया जा सकता है. मैं इस सरकार से कहना चाहता हूं कि क्यों अरेस्ट करना है, हम तो शांति से बैठे हुए हैं यहां पर और आज 35 दिन हो चुके हैं. मुझे नहीं लगता कि आजाद भारत के इतिहास में इतना शांतिपूर्ण प्रदर्शन कभी हुआ हो.’
उन्होंने कहा, ‘हम महात्मा गांधी के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं. बाबा साहब आम्बेडकर के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं. हम संविधान के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं. क्या दिक्कत है आपको भारत के संविधान से जो आप हमें अरेस्ट करना चाहते हैं.’
सरकार को दी चेतावनी
दीपके ने चेतावनी दी है कि गिरफ्तारी जैसे कदम सरकार न उठाए. उन्होंने कहा, ‘मैं यह कहना चाहता हूं कि मत कीजिए यह गलती. आपने सोनम सर को यहां से किडनेप करके इस आंदोलन को और बढ़ा बना दिया. फिर आपने दूसरी गलती की. जिन छोटी छोटी बच्चियों के सिर फोड़े, जो पुरुष पुलिस अधिकारियों ने लड़कियों के कपड़े फाड़कर पीटा, उसके बाद ये आंदोलन पूरे देश भर में फैल गया. इसलिए गलती मत कीजिए हमें अरेस्ट करने की. वरना ये आंदोलन और ज्यादा बड़ा होगा.’
उन्होंने कहा, ‘अगर हमारी टीम को अरेस्ट किया जाता है तो आंदोलन आप लोगों को पूरे देश के हर एक कोने में बढ़ाना है और बड़ा करना है. याद रहे कि शांतिपूर्ण तरीके से बढ़ाना है. जो हिंसा करेंगे, जो गलत काम करेंगे वो कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक नहीं हो सकते. हमें जो भी करना है शांतिपूर्ण तरीके से करना है.’
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े
इससे पहले सीजेपी फाउंडर ने कहा था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहिए. उन्होंने कहा था, ‘जंतर-मंतर पर हमारा धरना तब तक जारी रहेगा जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते. हमें बहुत राहत है कि सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल तोड़ दी है, क्योंकि 26 दिन से ज्यादा हो गए थे. उनकी ज़िंदगी इस देश के लिए बहुत कीमती है.’ केंद्रीय मंत्रियों के साथ मीटिंग के बारे में उन्होंने कहा, ‘मीटिंग किसी न्यूट्रल जगह पर होगी. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा कुछ भी मंजूर नहीं है.’
