केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी को दिया जवाब, क्या कहा ?
धर्मेंद्र प्रधान (फाइल फोटो | आईएएनएस)
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी को दिया जवाब, क्या कहा ?
नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन मंगलवार को और उग्र हो गया. संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए. उनके साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे. शाम करीब पौने सात बजे दिल्ली पुलिस ने राहुल, प्रियंका, खरगे और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया. सभी को देर रात को रिहा किया गया.
इस घटनाक्रम के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कांग्रेस के बीच तीखा वाकयुद्ध शुरू हो गया है.
धर्मेंद्र प्रधान का आरोप: ‘राजनीतिक सुर्खियों के लिए हो रहा हंगामा’
मंगलवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, “राहुल गांधी और कांग्रेस मानसून सत्र के दौरान हंगामा खड़ा करने के लिए छात्रों का राजनीतिक हथियार के तौर पर बेशर्मी से इस्तेमाल कर रही है.” उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम आवास के बाहर धरना देकर आम जनता को असुविधा पहुंचाई गई और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई.
शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि सरकार संसद के पटल पर नीट मुद्दे पर व्यापक चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है. इसके बावजूद विपक्ष ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक तमाशा चुना. उन्होंने कहा, “कांग्रेस का मकसद छात्रों के लिए समाधान खोजना नहीं, बल्कि राजनीतिक सुर्खियां बटोरना है. राहुल गांधी के लिए यह मामला छात्रों का हित नहीं, बल्कि जानबूझकर टकराव पैदा करना है.”
‘छात्रों को जवाबदेही और सुधार चाहिए, अराजकता नहीं’
अपने बयान में धर्मेंद्र प्रधान ने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की हर जायज चिंता का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने लिखा, “भारत के छात्र किसी राजनीतिक अभियान में मोहरे बनने के लिए नहीं हैं. वे अराजकता के बजाय निश्चितता, नारों के बजाय समाधान और हंगामे के बजाय जिम्मेदारी के हकदार हैं. हमारी सरकार छात्रों को सही जवाब, ठोस सुधार और पूरी जवाबदेही देने के लिए प्रतिबद्ध है.”
‘भाषण मत दो, इस्तीफा दो’ – कांग्रेस का तीखा पलटवार
शिक्षा मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने भी जोरदार हमला बोला है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने धर्मेंद्र प्रधान की पोस्ट को री-ट्वीट करते हुए साफ शब्दों में कहा, “भाषण मत दो, इस्तीफा दो.”
हिंदी पोस्ट डॉट इन
