भारत-नेपाल बॉर्डर के पास बिना पासपोर्ट पकड़ा गया यूएस नागरिक, अमेरिकी दूतावास को दी गई जानकारी, रस्सी से बांधकर…., VIDEO

us citizen arrested india (1)

वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब

The Hindi Post

भारत-नेपाल बॉर्डर के पास बिना पासपोर्ट पकड़ा गया यूएस नागरिक, अमेरिकी दूतावास को दी गई जानकारी, रस्सी से बांधकर…., VIDEO

 

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने एक अमेरिकी नागरिक को अवैध रूप से सीमा पार कर नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया व्यक्ति खुद को अमेरिकी नौसेना (US Navy) और स्पेशल फोर्सेज का पूर्व सैनिक बता रहा है. वह बिना किसी वैध पासपोर्ट और वीजा के चोरी-छिपे नेपाल में घुसने की फिराक में था. खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल उसकी असली पहचान जानने में जुटी है. यह भी पता लगाया जा रहा है वो भारत क्यों आया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने 11 जुलाई को सोनौली थाना क्षेत्र के मैनहवा इलाके में गश्त के दौरान इस व्यक्ति को दबोचा था. आरोपी की पहचान 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन के रूप में हुई है जो खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बता रहा है. कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है और दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास को भी इस गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना दे दी गई है.

भागने की कोशिश की, पैर में रस्सी बांधकर लाई पुलिस

अधिकारियों ने बताया कि जॉर्डन ब्राउन बेंगलुरु से बस और टैक्सी के जरिए सोनौली बॉर्डर तक पहुंचा था. जब सीमा पर तैनात SSB के जवानों ने उसे वेरिफिकेशन के लिए रोका तो उसने भागने का प्रयास किया. हालांकि, जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ के बीच सुरक्षाकर्मी ब्राउन के पैर में रस्सी बांधकर उसे ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. तलाशी में उसके पास से 31,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं.

समंदर के रास्ते भारत में एंट्री का चौंकाने वाला दावा

SSB और दूसरी खुफिया एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ के बाद आरोपी को सोनौली पुलिस के हवाले किया गया. न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) के मुताबिक, महाराजगंज के एएसपी (ASP) सिद्धार्थ ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अजीबोगरीब दावे किए हैं. उसने बताया कि वह टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था जहां उसका पासपोर्ट खो गया. इसके बाद वह समुद्री रास्ते से श्रीलंका पहुंचा और फिर 2 नवंबर, 2025 को समंदर के रास्ते ही अवैध रूप से भारत में दाखिल होकर तब से गोवा में रह रहा था. पुलिस इन दावों की कड़ियों को जोड़ रही है. उसके पास कोई भी वैध दस्तावेज न होने के कारण विदेशी अधिनियम (Immigration & Foreigners Act) की धारा 21 और 23 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

बयानों में विरोधाभास: जांच में जुटी एजेंसियां

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सोनौली के थाना प्रभारी (SHO) महेंद्र मिश्रा ने बताया कि ब्राउन ने अपनी पहचान अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के निवासी के रूप में बताई है और दावा किया कि वह अब तक 70 देशों की यात्रा कर चुका है.

पुलिस ने कहा कि आरोपी लगातार भ्रामक और उलझाने वाले बयान दे रहा है.

नौसेना और यात्रा का दावा

उसने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और 6 साल तक अमेरिकी नौसेना व स्पेशल फोर्सेज में सेवाएं दी हैं. उसका दावा है कि वह करीब 70 देशों की यात्रा कर चुका है और मई में इंडोनेशिया के बाली से भारत आया था.

भारतीय महिला से शादी

एक अन्य पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि उसने अक्टूबर 2024 में उत्तराखंड की एक महिला (जो योग इंस्ट्रक्टर है) से इटली में शादी की थी.

नेपाल जाने का मकसद

वह गोवा में मिले ‘नाज’ नाम के एक नेपाली नागरिक से मिलने जा रहा था. उसने अपना पासपोर्ट बेंगलुरु में किसी परिचित के पास होना बताया लेकिन वह उस व्यक्ति के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं दे सका.

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!