यूट्यूब वीडियो देख पत्नी की घर पर ही डिलीवरी करा रहा था पति, साथ दे रही थी उसकी मां, महिला की हुई दर्दनाक मौत, क्या बच्चा बचा ?
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
ऐसी सनक ! यूट्यूब देखकर पति घर पर ही कराने लगा पत्नी की डिलीवरी, जैसे ही…., प्रसूता की मौत, जाने पूरा मामला
तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने कथित तौर पर यूट्यूब (YouTube) पर वीडियो देखकर घर पर ही अपनी पत्नी का प्रसव (डिलीवरी) कराने की कोशिश की. इस गंभीर लापरवाही के कारण महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी.
नॉर्मल डिलीवरी की चाहत में उठाया आत्मघाती कदम
दरअसल, उथुकुली के थलावैपलयम की रहने वाली शशिकला का पहला बच्चा ऑपरेशन (सिजेरियन) से हुआ था. इस बार नॉर्मल डिलीवरी की चाह में शशिकला, उसके पति कार्तिक और सास ने किसी डॉक्टर से परामर्श करने या अस्पताल जाने के बजाय घर पर ही प्रसव कराने का फैसला लिया. इसके लिए कार्तिक ने यूट्यूब पर प्रसव से जुड़े कई वीडियो देखे और खुद ही प्रक्रिया शुरू कर दी.
नाल अलग न होने से हुआ अत्यधिक रक्तस्राव
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घर पर प्रसव के इस प्रयास के दौरान एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी खड़ी हो गई. नॉर्मल डिलीवरी तो हो गई लेकिन गर्भनाल (प्लेसेंटा) गर्भाशय से ठीक से अलग नहीं हो पाई. इसके कारण शशिकला को अत्यधिक रक्तस्राव (क्रिटिकल ब्लीडिंग) होने लगा.
हालत बिगड़ती देख परिजन उसे आनन-फानन में पहले पेरुनदुरई के एक सरकारी अस्पताल ले गए और बाद में कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार को शशिकला ने दम तोड़ दिया. राहत की बात यह रही कि डॉक्टरों ने नवजात बच्ची को सुरक्षित बचा लिया.
पति और सास के खिलाफ पुलिस जांच शुरू
इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही उथुकुली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस शशिकला की मौत के लिए उसके पति और सास की इस गंभीर लापरवाही को ही जिम्मेदार मान रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
