“आप मुझसे आज नाराज हो रहे हैं…., एक बार मुस्कुरा दीजिए…”, सदन में प्रियंका गांधी ने किससे की यह अपील?, फिर सभी हंसने लगे
फोटो: आईएएनएस
“आप मुझसे आज नाराज हो रहे हैं…, एक बार मुस्कुरा दीजिए…”, सदन में प्रियंका गांधी ने किससे की यह अपील?, फिर सभी हंसने लगे
लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर आज (मंगलवार, 28 जुलाई को) चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस सांसद और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर जबरदस्त हमला बोला और राजधानी दिल्ली में पिछले हफ्ते छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में पीएम से सवाल पूछे. उन्होंने दो टूक कहा, “मैं प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से पूछना चाहती हूं कि छात्रों पर आंसू गैस छोड़ने और लाठियां चलवाने की क्या जरूरत थी, किसने पैलेट गन चलाने का आदेश दिया था?” उन्होंने कहा कि छात्रों पर पड़ी हर लाठी सरकार की साख पर पड़ी है.
वायनाड से पहली बार सांसद चुनी गईं प्रियंका ने कहा कि इस सरकार को अपनी अकड़ का इलाज कराना चाहिए और प्रधानमंत्री जी को कैमरे का एंगल नहीं, बल्कि अपने दिल का एंगल बदलना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भरोसा इस सिस्टम से टूट चुका है. भरोसे को बनाने के लिए उसी सिस्टम से जवाब नहीं ढूंढा जा सकता बल्कि उस दायरे से बाहर निकल ठोस प्रयास करना पड़ता है. प्रियंका ने कहा कि शिक्षा मंत्री ने शर्मनाक परिस्थितियों में इस्तीफा दिया लेकिन उनका संसद में कल ऐसा स्वागत किया गया जैसे कोई सुपरस्टार पहुंचा हो. कल जब उनको मुकुट पहनाया जा रहा था तब उसी वक्त महाराष्ट्र का एक परिवार अपनी बेटी की आत्महत्या का शोक मना रहा था.
प्रियंका ने कहा कि जहां शर्म होनी चाहिए, वहां बेशर्मी से स्वागत कराया जा रहा था. इसके बाद उन्होंने नए शिक्षा मंत्री पर भी तंज कसा. प्रियंका गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री जी ने नए शिक्षा मंत्री के तौर पर एक ऐसे व्यक्ति को चुना, जिसने एक गर्भवती रेप पीड़िता के दोषियों की रिहाई पर सहमति व्यक्त की है. इस पर स्पीकर ने उन्हें टोका और कहा कि जो तथ्यपरक हैं उसकी ही बातें करें. प्रियंका की इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष हंगामा करने लगा. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रियंका गांधी से माफी मंगवाने की मांग करने लगे. उन्होंने इस नए शिक्षा मंत्री का चरित्र हनन बताया और उनकी टिप्पणी को रिकॉर्ड से हटाने की मांग की.
बाद में स्पीकर ओम बिरला ने मामले को संभालते हुए प्रियंका गांधी से अपील की कि विवादित बातें या जो बिल से संबंधित नहीं है, उस पर बात न करें. इसके बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि आज हम इस सदन में ऐसे संशोधन पर डिबेट कर रहे हैं, जो 2024 में पारित हो चुका है लेकिन जबसे यह पारित हुआ है, तबसे एक भी आरोपी को सजा नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी को अपने सलाहकार बदलने चाहिए. नई कमेटियां बनाने से काम नहीं चलेगा. उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन कमेटी भी बनी थी लेकिन उसकी एक भी सिफारिश लागू नहीं की गई. प्रियंका ने कहा कि ये जो नई कमेटी बनी है, उसमें तो एक गौमूत्र के विशेषज्ञ भी हैं. इन्हें शिक्षा के बारे में क्या पता. इस बात पर सदन में ठहाके लगने लगे और सदन का माहौल हल्का हो गया.
इसके बाद प्रियंका गांधी ने स्पीकर की तरफ मुखातिब होकर कहा, “आप मुझसे आज नाराज हो रहे हैं सर. एक बार मुस्कुरा दीजिए.” इस पर स्पीकर बिरला भी हंस पड़े और सदन में फिर ठहाके लगने लगे. इसके बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट का रिकॉर्ड पहले से ही खराब है. कल का ही उदाहरण देख लीजिए. कल की सुनवाई में सीबीआई का वकील पेश ही नहीं हुआ. प्रियंका ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उफन्हें कैमरे का एंगल नहीं दिल का एंगल बदलना होगा. उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ बर्बरता हुई है, इसे स्वीकार कीजिए. अगर देश का युवा निराश हो गया, उसकी उम्मीद टूट गई तो वह भारत की हार होगी.
