उत्तर प्रदेश कांग्रेस में हुआ बड़ा संगठनात्मक बदलाव, अजय राय की जगह इनको बनाया गया नया प्रदेश अध्यक्ष
फोटो: आईएएनएस
उत्तर प्रदेश कांग्रेस में हुआ बड़ा संगठनात्मक बदलाव, अजय राय की जगह इनको बनाया गया नया प्रदेश अध्यक्ष
नई दिल्ली । कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और पंजाब में संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है. पार्टी ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (यूपीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है. वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया गया है.
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में दो वरिष्ठ उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है. इनमें देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद शामिल हैं. सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी.
पार्टी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान की सराहना की है.
इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद पर चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है. यह नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगी.
कांग्रेस ने पंजाब में भी प्रदेश संगठन की कमान बदली है. पार्टी अध्यक्ष ने परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है.
कांग्रेस ने पंजाब कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के योगदान की भी सराहना की है.
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि पंजाब में विभिन्न चुनाव संबंधी समितियों के वर्किंग प्रेसिडेंट, चेयरपर्सन और को-चेयरपर्सन पहले की तरह अपने पदों पर बने रहेंगे.
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से दोनों नियुक्तियों से संबंधित प्रेस रिलीज जारी की गई है.
IANS
कांग्रेस ने यूपी में आराधना मिश्रा ‘मोना’ को बनाया प्रदेश अध्यक्ष, परगट सिंह को पंजाब की कमान
