“कल आ रहा हूं, एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लेना….”, किस पर भड़क गए अभिजीत दीपके ?
फोटो: आईएएनएस
“कल आ रहा हूं, एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लेना….”, किस पर भड़क गए अभिजीत दीपके ?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका को असम पुलिस ने हिरासत में लिया हुआ है. सीजेपी का दावा है कि रविवार देर शाम तक रांका को रिहा नहीं किया गया. इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि वह भी असम आ रहे हैं और पुलिस चाहे तो उन्हें एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर सकती है.
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि रांका की रिहाई न होने के चलते वह अगली सुबह असम पहुंच रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह गिरफ्तारी या जेल की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं.
इससे पहले दीपके ने आरोप लगाया था कि पुलिस आशुतोष रांका और उनके समर्थकों को किसी अज्ञात जगह ले गई है. रांका गुवाहाटी में स्वयंसेवियों से मुलाकात करने पहुंचे थे लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही उन्हें रोक दिया गया.
इस बीच आशुतोष रांका का एक वीडियो भी सामने आया जिसमें वे चलती गाड़ी में पुलिसकर्मियों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं. वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार सच सामने आने से डर रही है.
रांका ने आरोप लगाया कि उनका संगठन असम के सरकारी स्कूलों की बदहाली और काजीरंगा में स्थानीय लोगों के अधिकारों के हनन की असलियत उजागर करना चाहता था. इसी वजह से यह दमनकारी कार्रवाई की गई है लेकिन वह ऐसी कार्रवाइयों से पीछे नहीं हटेंगे.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
