Thursday, 19 November 2026
विदेश

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई गई आग

The Hindi Post

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई गई आग

 

ढाका | बांग्लादेश में हिंसा की घटनाओं के बीच बुधवार रात चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई जिस पर पुलिस ने समय रहते काबू पा लिया. मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख थे.

बांग्लादेशी अखबार ‘प्रोथोम आलो’ के अनुसार, पंचलैश इलाके में स्थित इस आवास के भूतल पर बने एक खाली कमरे में रात करीब 11:30 बजे आग लगा दी गई. पंचलैश थाने के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक ने बताया कि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने आग देखते ही उसे बुझा दिया. वहां की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. भूतल खाली था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर यूनुस के दो भाइयों के परिवार रहते हैं.

वहीं, न्यूज एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, गोपालगंज-2 के सांसद केएम बाबर के आवास पर भी बुधवार रात तोड़फोड़ और आगजनी हुई. अवामी लीग के कथित समर्थकों ने ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाते हुए पहले देसी बम फोड़े, पत्थरबाजी कर खिड़कियों के शीशे तोड़े और फिर मुख्य द्वार को आग के हवाले करके सांसद के निजी कार्यालय में तोड़फोड़ की.

इस हमले से इमारत की ऊपरी मंजिल पर स्थित ‘आराफ क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर’ में मौजूद गर्भवती महिलाओं, नई माताओं और नवजात शिशुओं को आनन-फानन में बाहर निकालना पड़ा. हालांकि, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए हमलावरों ने खुद ही आग बुझा दी. बाद में सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

By IANS

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग

 


The Hindi Post

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!