बैंक यूनियनों ने टाली 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल
सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
बैंक यूनियनों ने टाली 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल
नई दिल्ली | 28 सितंबर से प्रस्तावित बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल टल गई है.
रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच हुई वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया.
बैठक में 5-डे बैंकिंग लागू करने के विकल्प तलाशने के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति बन गई. अगर भविष्य में 5-डे बैंकिंग सिस्टम लागू होता है तो प्रत्येक शनिवार को बैंक बंद रहेंगे.
साथ ही, वरिष्ठ अधिकारियों के परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) और अन्य लंबित मांगों के जल्द समाधान का आश्वासन भी रविवार रात की बैठक में दिया गया.
इससे पहले, हड़ताल की आशंका के मद्देनजर रविवार को भी देश भर के सरकारी बैंक सामान्य रूप से खुले रहे थे. यह व्यवस्था इसलिए की गई थी ताकि आम ग्राहकों के वित्तीय कामकाज प्रभावित न हों.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
