व्हाइट हाउस ने CNN पर लगाई रोक तो भड़के अमेरिकी टीवी चैनल, ट्रंप के साझा कवरेज का किया बहिष्कार
फोटो: आईएएनएस
व्हाइट हाउस ने CNN पर लगाई रोक तो भड़के अमेरिकी टीवी चैनल, ट्रंप के साझा कवरेज का किया बहिष्कार
वॉशिंगटन | अमेरिका के पांच प्रमुख टेलीविजन नेटवर्कों—फॉक्स न्यूज, एबीसी न्यूज, सीबीएस न्यूज, सीएनएन और एनबीसी न्यूज—ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साझा ‘पूल कवरेज’ (रोटेशनल टीवी पूल) को सोमवार को निलंबित कर दिया. यह कदम तब उठाया गया जब संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के लिए न्यूयॉर्क दौरे पर जा रहे टीवी पूल से व्हाइट हाउस ने सीएनएन (CNN) को बाहर कर दिया.
टीवी पूल के वर्तमान अध्यक्ष और फॉक्स न्यूज के ब्यूरो चीफ ब्रायन बॉटन ने सदस्यों को सूचित किया कि प्रशासन द्वारा सीएनएन को उसकी तय जिम्मेदारी निभाने से रोके जाने के बाद टीवी पूल राष्ट्रपति के ऐसे कार्यक्रमों का साझा कवरेज नहीं करेगा. नेटवर्कों ने साझा बयान में कहा कि जनता को अपनी सरकार के बारे में स्वतंत्र और निष्पक्ष जानकारी पाने का अधिकार है, और कोई भी प्रशासन रिपोर्टिंग से नाराजगी के चलते मीडिया संगठन पर पाबंदी नहीं लगा सकता. (हालांकि, प्रिंट और फोटो पत्रकारों ने अपना पूल कवरेज जारी रखा है).
दूसरी ओर, सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको ने पत्रकारों के व्हाइट हाउस प्रवेश पास (क्रेडेंशियल्स) रद्द किए जाने के खिलाफ वॉशिंगटन की संघीय अदालत में ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा दायर किया है. उन्होंने इसे अमेरिकी संविधान के पहले संशोधन (प्रेस की स्वतंत्रता) और तय कानूनी प्रक्रिया का सीधा उल्लंघन बताया है. वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर सफाई देते हुए कहा कि यह प्रेस की स्वतंत्रता पर नहीं, बल्कि ‘फेक न्यूज’ के खिलाफ कार्रवाई है.
By IANS/Hindi Post Dot In
