पिता ने गर्भवती बेटी को नदी में डुबोकर मार डाला, फोटो-वीडियो भी बनवाया
पिता ने गर्भवती बेटी को नदी में डुबोकर मार डाला, फोटो-वीडियो भी बनवाया, BIG NEWS
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से ऑनर किलिंग का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बासौनी क्षेत्र में एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय गर्भवती बेटी की चंबल नदी में डुबोकर हत्या कर दी. आरोपी पिता लखपत सिंह ने हत्या का वीडियो भी बनाया और दिल्ली लौटकर दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी थाने में बेटी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी.
दवा दिलाने के बहाने लाकर की हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, दिल्ली में टेंट का काम करने वाला लखपत सिंह अपनी बेटी खुशी (18) को 29 जुलाई की सुबह दवा दिलाने के बहाने बासौनी इलाके में लेकर आया था. बेटी के प्रेम संबंध और गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर परिजनों में विवाद हुआ था. इसके बाद आरोपी ने धोखे से उसे चंबल नदी में डुबो दिया.
संदेह के आधार पर गिरफ्तारी, शव की तलाश जारी
जांच के दौरान पुलिस का शक पिता पर गहराया जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. मंगलवार को दिल्ली पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर बासौनी पहुंची. बासौनी पुलिस और पीएसी के गोताखोरों की मदद से चंबल नदी में युवती के शव की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
31 जुलाई को दर्ज हुआ हत्या का मामला
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने मीडिया को बताया कि गुमशुदगी की शिकायत को 31 जुलाई को हत्या के मुकदमे में तरमीम कर दिया गया था. वहीं, आगरा पूर्वी के डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस को हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
