यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले

bus catches fire on yamuna expressway, 9 killed IANS Sep 24 (1) (1)

(फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले

 

ग्रेटर नोएडा | ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया. जेवर एयरपोर्ट के पास नोएडा से महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई जिसमें 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि बस में 30 से ज्यादा यात्रियों सवार थे. आग लगते ही बस में अफरातफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर जान बचाई लेकिन बस के ऊपरी हिस्से में बैठे यात्री बाहर नहीं निकल पाए.

शुरुआती जानकारी में पुलिस ने कहा था कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है और सभी यात्रियों ने समय रहते बस से कूदकर जान बचा ली है लेकिन मौके से आ रही ताजा जानकारी के अनुसार हादसे में 9 लोगों के जिंदा जलकर मौत हो गई.

सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फायर कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई.

हादसा ग्रेटर नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ. बस नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते महोबा जा रही थी.

बस के ऊपर भारी मात्रा में लगेज रखकर चलने की भी जानकारी सामने आई है जो आग लगने का एक कारण हो सकता है, हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है.

फिलहाल पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर यातायात को नियंत्रित कर दिया है और जली हुई बस को हटाने का काम जारी है. मृतकों की पहचान और घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है.

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे का संज्ञान लिया. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है और उनसे संवाद कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है. सीएम योगी ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश दिया है.

By IANS

 

अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!