बीच सड़क लड़की से छेड़छाड़, किया गया दुर्व्यवहार, दी गई गालियां, जमुई कांड के बाद अब समस्तीपुर से सामने आया शर्मनाक मामला

GIRL ASHAMED

सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

बीच सड़क लड़की से छेड़छाड़, किया गया दुर्व्यवहार, दी गई गालियां, जमुई कांड के बाद अब समस्तीपुर से सामने आया शर्मनाक मामला

 

समस्तीपुर | बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी के बाद समस्तीपुर जिले से भी नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, मामला समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध का बताया जा रहा है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. बताया गया है कि घटना के समय लड़की किसी युवक के साथ बांध पर पहुंची थी. दोनों वहां बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया. इसके बाद युवकों ने कथित तौर पर लड़की के साथ दुर्व्यवहार किया.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लड़की युवकों की हरकतों का विरोध करती दिखाई दे रही है. आरोप है कि युवकों ने उससे बार-बार उसका पता पूछा, उसके हाथ मरोड़े और गाली-गलौज भी की. हालांकि, आईएएनएस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है. घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की पहचान कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. इस घटना को लेकर विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल ने राज्य सरकार पर हमला बोला है.

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं. उन्होंने जमुई, दरभंगा और समस्तीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों और मनचलों के बीच पुलिस प्रशासन का भय खत्म हो गया है. उन्होंने मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और महिला सुरक्षा से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए और सरकार से जवाब मांगा.

राजद नेता शक्ति सिंह यादव ने भी समस्तीपुर की घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जमुई की घटना का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर में ऐसी घटना सामने आ गई. उन्होंने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि इसे देखकर शर्म से सिर झुक जाता है. शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है और अपराधियों में पुलिस-प्रशासन का भय नहीं रह गया है.

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी पूर्व कही गई बातों पर कायम रहने और इस्तीफा देने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि बिहार में बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों के मन में चिंता बढ़ रही है और सरकार को ऐसी घटनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए.

By IANS

समस्तीपुर में लड़की के साथ छेड़खानी मामले में 4 गिरफ्तार, राजद ने सरकार पर साधा निशाना

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!