Wednesday, 18 November 2026
देश

आतंकी लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने दी प्रतिक्रिया

The Hindi Post

आतंकी लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने दी प्रतिक्रिया

 

नई दिल्ली | जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कुलगाम में सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताई है. इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा बलों की तारीफ की है.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है. संयुक्त अभियान के दौरान मारे गए इस आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खेरवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है. मारा गया लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर बताया जा रहा है.

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी), भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में आज तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया. एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी, उमर निसार को भी मार गिराया गया था. इस पूरे ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला. देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है.”

भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कुलगाम में हुए सफल ऑपरेशन की सराहना की है. आईएएनएस से ठाकुर ने कहा, “आतंकवादी कश्मीर की जमीन पर कहीं भी हों, उनके लिए बस एक ही जगह ‘मौत और नरक’ है. कुलगाम हमले के बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवादियों का पीछा किया, उन्हें खोज निकाला और बहुत कम समय में ही उन्हें घेर लिया. अब तक मिली रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने लश्कर कमांडर लतीफ भट को नरक भेज दिया है. यह सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी कामयाबी है क्योंकि आतंकवाद के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की यह नीति तब तक जारी रहेगी जब तक कि जम्मू-कश्मीर की इस जमीन से आखिरी आतंकवादी का भी सफाया नहीं हो जाता. इस कमांडर का खात्मा एक बहुत बड़ी उपलब्धि है.”

By IANS

आतंकी लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री सुरक्षा बलों की तारीफ की, कहा-ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल दिखा

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!