मोदी सरकार के एक मंत्री ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने किया स्वीकार

Ravneet Bittu Resigns (1)
The Hindi Post

मोदी सरकार के एक मंत्री ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने किया स्वीकार, BIG NEWS

 

नई दिल्ली | रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है. बिट्टू पंजाब से आते हैं और राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनके इस्तीफे को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

हालांकि, इस्तीफे के पीछे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है.

इस्तीफा देने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया. बिट्टू ने अपने संदेश में लिखा कि उन्हें भारत सरकार में राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर देने के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का हृदय से धन्यवाद.

उन्होंने कहा कि भारत के लोगों, विशेष रूप से अपने प्रिय पंजाब की सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात रही है. उन्होंने यह भी कहा कि वह सेवा, राष्ट्रवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के विजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेंगे.

रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने संदेश में लिखा कि उनकी सार्वजनिक सेवा की यात्रा नए संकल्प और समर्पण के साथ आगे भी जारी रहेगी. बिट्टू का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब पंजाब में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं और सभी प्रमुख दल आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटे हुए हैं. ऐसे में उनके अगले राजनीतिक कदम पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

बिट्टू अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ सकते हैं. बिट्टू पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं. वह साल 2024 में भाजपा में शामिल हुए थे और लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन वह असफल रहे.

बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया. इसके बाद उनका यह इस्तीफा आया है. उन्होंने अगस्त 2024 से जून 2026 तक राजस्थान से राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्य किया.

IANS

रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा स्वीकार, पीएम मोदी और राष्ट्रपति का जताया आभार

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!