दो साल बाद बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना! सामने आ गई वतन वापसी की तारीख, ढाका सरकार से की यह खास मांग
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी की तारीख सामने आ गई है. करीब दो साल से भारत में रह रहीं हसीना आगामी 16 दिसंबर को विजय दिवस के मौके पर ढाका लौटने की तैयारी कर रही हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में उनके प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से लौटने की इच्छा जताई है और इस बारे में बांग्लादेश सरकार को सूचित कर दिया गया है. हालांकि, ढाका की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
रॉयटर्स से बातचीत में प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने कहा, “चूंकि शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत आई थीं, तो वह सरकार से अपील कर रही हैं कि उनके दिल्ली से वापस ढाका आने के लिए हवाई यात्रा की व्यवस्था की जाए.” उन्होंने आगे कहा, “संविधान के खिलाफ जाकर उन्हें इस तरह देश से बाहर भेजने के बाद, अब सरकार का यह कर्तव्य है कि वह 16 दिसंबर को विजय दिवस पर उनकी बांग्लादेश वापसी का रास्ता साफ करे.”
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता गंवाने और देश छोड़ने पर अंतरिम सरकार ने हसीना का पासपोर्ट व राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया था. अब वह एक सामान्य नागरिक के तौर पर लौटकर अदालत में सरेंडर करना और मुकदमे का सामना करना चाहती हैं, जिसके लिए उन्होंने पहचान पत्र और पासपोर्ट बहाल करने की अपील की है. गौरतलब है कि 2024 के प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में नवंबर 2025 में उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई जा चुकी है, हालांकि हसीना ने इन आरोपों से इनकार किया है. दूसरी ओर, ढाका का मानना है कि उन्हें आम यात्री के बजाय द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से वापस लाया जाना चाहिए, जिसे लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है.
इस बीच, बांग्लादेश में नवंबर की शुरुआत से ही हिंसा का दौर जारी है, जिसमें अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है. आवामी लीग और बीएनपी समर्थकों के बीच हो रही झड़पें प्रधानमंत्री तारिक रहमान के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं. उधर, भारत ने बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.



















