FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने को दी मंजूरी, पानी के सैंपल को बताया था ‘असुरक्षित’; अब कंपनी ने दी यह सफाई
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनी – बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. FSSAI ने मिनरल वॉटर के अलावा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के रेगुलेटरी सैंपल में तय ब्रोमेट सीमा के उल्लंघन और रेफरल लैब की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने के बाद FSS एक्ट, 2006 के तहत इसे ‘असुरक्षित’ घोषित किया है. वहीं, बिसलेरी ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए अपने पानी को पूरी तरह सुरक्षित बताया है.
मामले से जुड़े मुख्य बिंदु:
14 महीने पुराना मामला: बिसलेरी के अनुसार, यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और 30 सितंबर 2025 को कंपनी के गोवा प्लांट में तैयार एक बैच से जुड़ा है, जहां से FSSAI ने छह सैंपल लिए थे.
सैंपल जांच के नतीजे: शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की तय सीमा के मुकाबले 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया था.
अपील और रेफरल लैब की रिपोर्ट: कंपनी की 22 नवंबर 2025 की अपील के बाद रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा में पाया गया, लेकिन रिपोर्ट में अलग से पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) का जिक्र किया गया.
स्वतंत्र लैब से क्लीन चिट: दोनों नतीजों में अंतर होने पर बिसलेरी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में जांच कराई जिसमें ब्रोमेट तय सीमा के भीतर मिला.
मामला बंद मान लिया था: कंपनी ने यह स्वतंत्र जांच रिपोर्ट 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी और आगे कोई संवाद न होने पर मामला बंद मान लिया था.
नोटिस न मिलने का दावा: बिसलेरी के मुताबिक, उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला है और न ही FSSAI की वेबसाइट पर ऐसा कोई नोटिस उपलब्ध है.
क्वालिटी कंट्रोल का भरोसा: कंपनी ने कहा कि वह अपने 10-स्टेप मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से अधिक कड़े क्वालिटी टेस्ट करती है और उचित नियामक प्रक्रिया के तहत इस मामले को सुलझाने के लिए FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी.
हिंदी पोस्ट डॉट इन



















