शादी के 6 साल बाद तलाक लेंगी सपना चौधरी ! बताई अलग होने की वजह
हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। ‘बिग बॉस 11’ में नजर आने के बाद देशभर में पहचान बनाने वाली सपना ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कंफर्म किया है कि पति वीर साहू के साथ उनका रिश्ता अब पहले जैसा नहीं रहा और दोनों अलग होने का फैसला कर चुके हैं। करीब छह साल पहले शादी के बंधन में बंधे इस कपल के दो बच्चे भी हैं। सपना के इस बयान के बाद उनकी निजी जिंदगी और शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते के बारे में ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज किया और लोगों से उनकी परिस्थितियों को समझे बिना कोई राय नहीं बनाने की अपील की। बीते दिनों चर्चाएं शुरू हुईं कि सपना के पति ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी।
सपना चौधरी ने हाल ही में NMF News को दिए एक इंटरव्यू में अपनी शादी और पति वीर साहू के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान उनसे दोनों के बीच चल रही अनबन और अलगाव को लेकर सवाल किया गया। इसके जवाब में सपना ने साफ कहा कि जब तक दोनों के बीच सबकुछ ठीक था, वे साथ थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने कहा, ‘जब सब अच्छा था, साथ थे। अब अच्छा नहीं है, तो साथ नहीं है। वह खाली सामने वाला समझ सकता है या फिर मैं। कोई तीसरा आदमी इसमें अपनी बातें, अपनी सोच डालने की कोशिश करेगा तो वह गलत है। शादी रिश्ता है दो लोगों का और वह हम लोगों का था। हम आपस में तय करेंगे कि क्या करना है।’ सपना के इस बयान से साफ है कि वह अपने वैवाहिक रिश्ते से जुड़े फैसलों को निजी रखना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी तीसरे व्यक्ति को उनके रिश्ते के बारे में अपनी तरफ से कोई कहानी बनाने या निष्कर्ष निकालने का अधिकार नहीं है।
सपना और वीर साहू के रिश्ते में तनाव की खबरें इस साल की शुरुआत में सामने आई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना ने पति वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद द्वारका महिला अदालत से उन्हें अंतरिम राहत भी मिली थी। बताया गया था कि अदालत ने वीर साहू को सपना से संपर्क करने और उनसे जुड़े स्थानों पर जाने से रोक दिया था। इस कानूनी घटनाक्रम के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। हालांकि, सपना ने अब तक अपने वैवाहिक जीवन से जुड़ी परिस्थितियों पर विस्तार से बात नहीं की थी। हालिया इंटरव्यू में उन्होंने पहली बार अपने अलग होने के फैसले को लेकर खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
इंटरव्यू के दौरान सपना ने शादी के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि ‘बिग बॉस 11’ में हिस्सा लेने के बाद उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ गई थी। इसी दौर में उन्होंने शादी की थी। इसके बाद उन्होंने पत्नी, मां और बहू के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने की पूरी कोशिश की। हालांकि समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि इन रिश्तों को निभाते-निभाते वह अपनी व्यक्तिगत पहचान को कहीं पीछे छोड़ती जा रही हैं। सपना के मुताबिक एक समय ऐसा आया जब उन्हें एहसास हुआ कि उनकी जिंदगी की पहचान केवल किसी की पत्नी, मां या बहू होने तक सीमित नहीं रह सकती।
उन्होंने कहा, ‘लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि मैं सिर्फ किसी की पत्नी, मां या ननद बनकर नहीं रह सकती।’उनका यह बयान उनकी निजी पहचान और स्वतंत्र अस्तित्व को लेकर एक महत्वपूर्ण सोच को सामने लाता है। सपना ने यह जाहिर किया कि पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ अपनी पहचान और इच्छाओं को बनाए रखना भी जरूरी है।
सपना चौधरी और वीर साहू ने करीब छह साल पहले शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। सपना ने अपने इंटरव्यू में लोगों से अपील की कि वे उनके रिश्ते या बच्चों को लेकर बिना पूरी सच्चाई जाने कोई टिप्पणी न करें। उनका मानना है कि किसी शादी में क्या परिस्थितियां रही हैं और दो लोगों को अलग होने का फैसला क्यों लेना पड़ा, यह केवल वही दोनों बेहतर समझ सकते हैं।


















