भारतीय नाविक की मौत पर भड़का भारत, ईरानी राजनयिकों को तलब कर ….

India and Iran Flags (1)

AI Photo (ChatGPT)

The Hindi Post

भारतीय नाविक की मौत पर भड़का भारत, ईरानी राजनयिकों को तलब कर ….

 

नई दिल्ली | ओमान के समुद्री क्षेत्र में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के व्यापारी जहाजों पर हुए ईरानी मिसाइल हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत और कई अन्य के घायल होने के बाद भारत ने मंगलवार को उप-मिशन प्रमुख (DCM) मोहम्मद जवाद हुसैनी सहित ईरानी राजनयिकों को तलब किया.

मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में यूएई के तेल टैंकरों पर ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमले में एक भारतीय नाविक की जान चली गई और छह अन्य घायल हो गए. इस घटना के तुरंत बाद भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने हरकत में आते हुए ईरानी दूतों को तलब कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.

ओमान के समुद्री क्षेत्र में दागी गईं क्रूज मिसाइलें
जानकारी के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी मार्ग से गुजर रहे यूएई के दो तेल टैंकरों—’मोम्बासा’ (Mombasa) और ‘अल बहिया’ (Al Bahiyah)—पर ईरान की ओर से दो क्रूज मिसाइलें दागी गईं थी.

यूएई में स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नाविक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, “दो जहाजों ‘अल बहिया’ और ‘मोम्बासा बी’ पर हुए हमलों में एक भारतीय नाविक की दुखद मौत पर हम संवेदना व्यक्त करते हैं. हम इस स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और घायलों व उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं.”

यूएई ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल हमले के बाद दोनों टैंकरों में भीषण आग लग गई जिससे जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा है. हालांकि, अब आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है.

रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया और कहा कि यह क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है. यूएई ने स्पष्ट किया कि वह इस सैन्य तनाव का जवाब देने का पूरा अधिकार रखता है और अपने क्षेत्र, नागरिकों, निवासियों, राष्ट्रीय हितों और रणनीतिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा. मंत्रालय ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करने की अपील की है.

IANS

भारतीय नाविक की मौत पर भड़का भारत, ईरानी राजनयिकों को तलब कर दर्ज कराया विरोध (हिंदी पोस्ट डॉट इन)

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!