Sunday, 22 November 2026
बिज़नेस

इस बैंक में मैनेजर सहित 120 पदों पर निकली वैकेंसी…, 27 नंवबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल

The Hindi Post

इस बैंक में मैनेजर सहित 120 पदों पर निकली वैकेंसी…, 27 नंवबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल

 

नई दिल्ली | बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट बैंक ऑफ इंडिया (इंडिया एक्जिम बैंक) ने सीधी भर्ती प्रक्रिया के तहत मैनेजमेंट ट्रेनी और मैनेजर के कुल 120 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एक्जिम बैंक की ओर से जारी 120 रिक्तियों में मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) के 90 और मैनेजर के 30 पद शामिल हैं। वहीं, श्रेणी के आधार पर जारी रिक्तियों में मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) के 90 पदों में जनरल के 40, एससी के 7, एसटी के 9, ओबीसी (एनसीएल) के 25, ईडब्ल्यूएस के 9 और पीडब्ल्यूबीडी के 3 पद शामिल हैं। वहीं, मैनेजर के 30 पदों में जनरल के 15, एससी के 3, एसटी के 2, ओबीसी (एनसीएल) के 7, ईडब्ल्यूएस के 3 और पीडब्ल्यूबीडी का 1 पद है।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 नवंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने की इच्छा रखते हैं, उन्हें एक्जिम बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने से लेकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंक या सीजीपीए के साथ पद के अनुसार, ग्रेजुएशन/एमबीए/पीजीडीबीए/पीजीडीबीएम/एमएमएस/सीए/बीई/बीटेक/एमटेक/एमई/एमसीए/एलएलबी/संबंधित व्यावसायिक योग्यता और पद के अनुसार कौशल होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित कम से कम 4 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) पद के लिए आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। वहीं, मैनेजर पोस्ट के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 24 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। सभी पदों के लिए आयु की गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, लिखित परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) पोस्ट के लिए प्रशिक्षण की अवधि के दौरान 65,000 रुपये का मासिक वजीफा दिया जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों की सैलरी 48,480 से 85,920 रुपये के बीच प्रति माह होगी।

मैनेजर पद पर चुने गए उम्मीदवारों की सैलरी 64,820 से 93,960 रुपये के बीच प्रति माह होगी। वहीं, लिखित परीक्षा दिसंबर में आयोजित होने की संभावना है।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 600 रुपए (आवेदन शुल्क और सूचना शुल्क) और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/ईडब्ल्यूएस/महिला उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए (केवल सूचना शुल्क) तय किया गया है।

कैंडिडेट्स को योग्यता, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एक्जिम बैंक की ओर से संबंधित रिक्तियों के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

BY IANS

एक्जिम बैंक में मैनेजर सहित 120 पदों पर निकली वैकेंसी, 27 नंवबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल


The Hindi Post

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

ताज़ा खबरें

error: Content is protected !!