भारत पहुंचे नेपाल के पीएम बालेन शाह, एयरपोर्ट पर किसने किया स्वागत ? इन मुद्दों पर हो सकती है बात….
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए बालेन शाह का मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद यह पहला भारत दौरा है। प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है।
भारत दौरे के दौरान बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बातचीत में ऊर्जा, विकास सहयोग और कनेक्टिविटी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों देशों के प्रधानमंत्री कई संयुक्त परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रख सकते हैं। इस दौरान एक संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किए जाने की भी संभावना है।
नेपाल के लिए भारत के साथ ऊर्जा सहयोग आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। दोनों देश सीमा पार जलविद्युत साझेदारी का विस्तार करने पर चर्चा कर सकते हैं। इससे नेपाल को भारत में अधिक बिजली निर्यात करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा नेपाल सिद्धार्थ राजमार्ग के उन्नयन के लिए भारत से 500 मिलियन डॉलर के अनुदान की मांग कर रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए भी नेपाल ने 500 मिलियन डॉलर की सहायता मांगी है।
बालेन शाह की यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि सत्ता संभालने के शुरुआती दिनों में उनका रुख भारत को लेकर सख्त माना जा रहा था। उन्होंने अपने कार्यकाल के पहले साल में विदेश यात्रा नहीं करने की बात कही थी। इतना ही नहीं, उन्होंने भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मुलाकात करने से भी इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ा और शाह ने भी भारत के साथ सहयोग मजबूत करने की पहल की।
बालेन शाह की यात्रा के दौरान नेपाल भारत के सामने पोखरा और भैरहवा हवाई अड्डों के लिए अतिरिक्त हवाई मार्ग का मुद्दा उठा सकता है। नेपाल चाहता है कि उसके विमानों को इन हवाई अड्डों से उड़ान भरने और उतरने के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति मिले। इसके अलावा स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है।



















