डी कंपनी का 50 हजार का इनामी नसीम उर्फ रिजवान ढेर, तिहाड़ में छोटा राजन की हत्या का था प्लान
————————————————————
बुलंदशहर | उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बीती मध्यरात्रि (19/20 नवंबर) को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई. थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस टीम ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुंडू निवासी मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है. नसीम पर उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नसीम डी कंपनी यानी दाऊद गिरोह का सदस्य बताया जा रहा था. वह गाजियाबाद के धाना लोनी में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहा था. इसके अलावा दिल्ली में दर्ज हत्या के दो मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी. उसकी आपराधिक गतिविधियों का दायरा दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था.
पुलिस के अनुसार, नसीम के खिलाफ दोनों राज्यों में हत्या के चार मुकदमों सहित हत्या के प्रयास, रंगदारी (एक्सटॉर्शन) और अन्य गंभीर आपराधिक धाराओं में 26 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. नसीम का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हत्या की साजिशों से भी जुड़ चुका था. बताया जाता है कि उसने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कैनेडियन मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी.

हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था. इस मामले के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों की नजर उसके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों पर बनी हुई थी. इसके अलावा नसीम पर दिल्ली के खजूरी खास इलाके में पिछले छह महीनों के दौरान दो सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देने का भी आरोप था. इन घटनाओं के बाद दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. हत्या, सुपारी किलिंग, रंगदारी और अन्य संगीन अपराधों में उसकी कथित संलिप्तता के चलते वह पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ था.
यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट को इनपुट मिला था कि लोनी और खजूरी खास में वांछित नसीम बुलंदशहर के सिकंदराबाद एरिया में है. इस पर एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने जॉइंट ऑपरेशन चलाया. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में नसीम को गोली लगी. उसे तत्काल अस्पताल रवाना किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
19/20 नवंबर की रात यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम को बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली थी. इसके बाद दोनों टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की. इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. गोली लगने से नसीम गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस कार्रवाई को दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. नसीम की मौत के बाद अब पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और उससे जुड़े अन्य मामलों की कड़ियों की जांच कर सकती है.
By IANS



















