आतंकी गुरुपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिकी अदालत ने सुनाई सजा
खालिस्तानी अलगाववादी गुरुपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में दोषी करार दिए गए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता (55) को अमेरिका की एक अदालत ने 235 महीने (करीब 19.5 साल) कैद की सजा सुनाई है.
न्यूयॉर्क की साउथ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने शुक्रवार को करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया. हालांकि, अभियोजन पक्ष ने गुप्ता की भूमिका को खतरनाक बताते हुए 294 महीने (करीब 24 साल) की सजा की मांग की थी. सुनवाई के दौरान अदालत के बाहर पन्नू के समर्थकों और खालिस्तानी अलगाववादियों ने प्रदर्शन भी किया.
निखिल गुप्ता ने हत्या की सुपारी देने और मनी लॉन्ड्रिंग के सभी आरोप पहले ही स्वीकार कर लिए थे. सुनवाई के दौरान भी उन्होंने साजिश में शामिल होने पर गहरा अफसोस जताया. वहीं, अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखने वाले पन्नू ने कोर्ट में बयान दर्ज कराते हुए कहा कि साजिश के खुलासे के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान है और उसकी नियमित दिनचर्या प्रभावित हुई है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन



















