Monday, 23 November 2026
राज्य

एक ही परिवार के 3 लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या, मच गया हड़कंप, क्या कारण ?

The Hindi Post

एक ही परिवार के 3 लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या, मच गया हड़कंप, क्या कारण ?

 

अजमेर । राजस्थान के अजमेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की सामूहिक आत्महत्या से सनसनी फैल गई है. आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मलियान इलाके में शनिवार रात एक परिवार ने जहर खाकर अपनी जान दे दी. मृतकों में पति, पत्नी और उनकी 20 साल की बेटी शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंद्रा शर्मा (52) और बेटी दीक्षा शर्मा (20) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने सल्फास की गोलियां पानी में मिलाकर पी लीं. घटना रात करीब साढ़े 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है.

तीनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.

घटना की सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना सीआई ओमप्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव भी कमरे में मौजूद था. बताया जा रहा है कि गौरव जयपुर में रहता है और करीब दो दिन पहले ही अजमेर आया था. परिवार की बहू फिलहाल मायके गई हुई थी. अशोक शर्मा फर्नीचर का काम करते थे.

सामूहिक आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस अब परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है. क्या कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, और सल्फास का सेवन किस परिस्थिति में किया गया, इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

एक ही परिवार के माता-पिता और बेटी की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. आर्थिक तंगी, पारिवारिक कलह या अन्य कोई कारण, इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है.

By IANS

 

राजस्थान : अजमेर में एक ही परिवार के 3 लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या

 

अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!