शाहरुख खान ने कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की, बोले- जरूरत के वक्त मजबूती से डटे रहे
फोटो: आईएएनएस
शाहरुख खान ने कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की, बोले- जरूरत के वक्त मजबूती से डटे रहे
मुंबई | पूरे विश्व में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ हो रही है. उन्होंने 30 सितंबर को अपनी हिम्मत और सूझबूझ और यात्रियों के सहयोग से फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बड़ी साजिश को नाकाम किया था. उन्होंने एक बड़े हवाई हादसे को टालकर 174 यात्रियों की जान बचाई थी.
इस घटना के बाद से देश से लेकर विदेशों तक में कैप्टन स्मित मच्छार की अदम्य बहादुरी और सूझबूझ की तारीफ हो रही है. इस कड़ी में शनिवार को बॉलीवुड के ‘किंग खान’ शाहरुख खान ने भी कैप्टन के साहस और समझ की तारीफ की.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार, जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आप मजबूती से डटे रहे. मुश्किल हालात का सामना करना और अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाना आसान नहीं होता, लेकिन आपने प्लेन में मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए ठीक यही किया और हमें दिखाया कि एक कैप्टन होने का क्या मतलब होता है.”
उन्होंने कहा कि यह हिम्मत और कर्तव्यनिष्ठा की एक सच्ची मिसाल है. आपके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं. देश को आप पर गर्व है.
इससे पहले अन्य कई कलाकारों ने भी कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और बहादुरी की तारीफ की थी. बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा था, “कमाल कर दिए पायलट जी, हम सब आपको सैल्यूट करते हैं. आपके साथ उड़ने में मजा आएगा. बहुत बढ़िया, भाई कैप्टन.”
अभिनेता विजय देवरकोंडा ने भी सोशल मीडिया पर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की. उन्होंने लिखा, “भगवान आपकी रक्षा करे और आप पर कृपा बनाए रखे. कैप्टन, आपने जिस स्थिति का सामना किया और जो कुछ किया, वह वाकई अद्भुत है.”
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कैप्टन और इस हादसे को टालने में शामिल सभी लोगों को सलाम किया. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “कुछ हीरो चुपचाप अपना काम करते हैं. कैप्टन स्मित मच्छार और सभी बहादुर लोगों को मेरी तरफ से सम्मान, जिन्होंने लोगों की जान बचाई और एक बड़ा हादसा होने से रोका.”
हिंदी सिनेमा के दिग्गज गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुई घटना को लेकर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की तारीफ की. उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए स्मित की हिम्मत को सलाम किया और कहा कि पायलट को उनके इस काम के लिए सम्मान मिलना चाहिए. उन्होंने लिखा, “स्मित मच्छार को दिल से सलाम. इसमें कोई शक नहीं कि वह बड़े सम्मान के हकदार हैं.”
वरुण धवन, शिल्पा शेट्टी, अभिनेता आर. माधवन, परेश रावल, सोनम कपूर, कंगना रनौत और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत कई अन्य कलाकारों ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की.
By IANS
फ्लाईदुबई के हीरो स्मित मच्छार पर फिदा हुआ बॉलीवुड, पर शाहरुख क्या बोले ?
