यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: देर रात 34 IAS अफसरों के तबादले, 14 जिलों के बदले गए डीएम

IAS Officer Transfer (1)

फोटो : आईएएनएस

The Hindi Post

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: देर रात 34 IAS अफसरों के तबादले, 14 जिलों के बदले गए डीएम

 

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सोमवार देर रात 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए. इससे पहले रविवार शाम सरकार ने कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य, खाद्य एवं रसद और पंचायती राज जैसे प्रमुख विभागों के अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के प्रभार में बदलाव किया था.

सोमवार रात जारी तबादला सूची में कानपुर नगर, मुरादाबाद, पीलीभीत, बलिया और बागपत समेत 14 जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) बदले गए हैं.

प्रमुख जिलाधिकारियों के तबादले:

कानपुर नगर: कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. कानपुर के मौजूदा डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को हटाकर मंडी परिषद का निदेशक नियुक्त किया गया है.

हरदोई व मुरादाबाद: हरदोई के डीएम अनुनय झा को मुरादाबाद का नया डीएम बनाया गया है, जबकि राज्य कर विभाग के विशेष सचिव राहुल पाण्डेय को हरदोई की कमान सौंपी गई है. मुरादाबाद के डीएम राजेंद्र पैसिया को विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार पद पर भेजा गया है.

अमेठी व कुशीनगर: अमेठी के डीएम संजय चौहान को कुशीनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि इन्वेस्ट यूपी और यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) शशांक चौधरी को अमेठी का नया डीएम बनाया गया है.

एटा: आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का डीएम नियुक्त किया गया है. एटा के डीएम अरविंद सिंह को विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद बनाया गया है.

संतकबीरनगर व पीलीभीत: गीडा (GIDA) के सीईओ अनुज मलिक को संतकबीरनगर का नया डीएम बनाया गया है. संतकबीरनगर के डीएम आलोक कुमार को पीलीभीत भेजा गया है. वहीं, पीलीभीत के डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह को बलिया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. बलिया के डीएम मंगला प्रसाद सिंह को यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ का प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है.

बागपत व महोबा: मुरादाबाद के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को बागपत का डीएम नियुक्त किया गया है. बागपत की डीएम अस्मिता लाल को विशेष सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण बनाया गया है. नमामि गंगे के विशेष सचिव प्रभास कुमार को महोबा का डीएम बनाया गया है, जबकि महोबा की डीएम गजल भारद्वाज को ACEO, इन्वेस्ट यूपी के पद पर भेजा गया है.

बिजनौर, हाथरस व हमीरपुर: पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विशेष सचिव उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का डीएम नियुक्त किया गया है, वहीं बिजनौर की डीएम जसजीत कौर को यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन का एमडी बनाया गया है. नगर विकास विभाग के विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का डीएम बनाया गया है, जबकि हाथरस के डीएम अतुल वत्स को विशेष सचिव, राजस्व बनाया गया है. सिंचाई विभाग के विशेष सचिव अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है और हमीरपुर के डीएम अभिषेक गोयल को विशेष सचिव, नियुक्ति व कार्मिक पद पर भेजा गया है.

अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्तियां:

यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन के एमडी हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है.

मीरजापुर के सीडीओ विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) का नया सीईओ बनाया गया है. देवरिया के मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को सीडीओ मीरजापुर और सहारनपुर के एडीएम (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह को सीडीओ मैनपुरी नियुक्त किया गया है.

विशेष सचिव (नियुक्ति व कार्मिक) विजय कुमार को उपाध्यक्ष, आगरा विकास प्राधिकरण पद पर भेजा गया है.

यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण (यीडा) के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया को यूपीडा का नया एसीईओ बनाया गया है, जबकि रामपुर के एडीएम (प्रशासन) नितिन मदान को यीडा का एसीईओ नियुक्त किया गया है.

मैनपुरी की सीडीओ नेहा बंधु को अपर आयुक्त, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन और मनरेगा के अपर आयुक्त अमनदीप डुली को नियंत्रक, विधिक बाट-माप बनाया गया है.

उच्च शिक्षा विभाग की विशेष सचिव निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, राज्य कर बनाया गया है, जबकि चंद्रशेखर को परती भूमि विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!