शख्स ने थाने में किया पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, पांच घायल, आरोपी को गोली मारी गई
पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पूछताछ के लिए बुलाए गए 25 वर्षीय नबील नामक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर पांच पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया. पुलिस के अनुसार, नबील को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में थाने बुलाया गया था.
थाने में पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर रहे थे तभी उसने अचानक चाकू निकालकर जवानों के चेहरे और गर्दन पर वार कर दिए. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. इस दौरान उसने कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया. उधर, हमले में घायल पांचों पुलिसकर्मियों को तत्काल संजीवनी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही मध्य जिले की ऑपरेशंस यूनिट सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उसे चितली कब्र इलाके में घेर लिया. वहां भी नबील ने पुलिसकर्मियों पर दोबारा हमला करने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और उसे काबू करने के लिए गोली चलाई. दोनों पैरों में गोली लगने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में आगे की जांच जारी है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन



















