‘अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का…’ बाबा रामदेव का धीरेंद्र शास्त्री पर जोरदार हमला
योग गुरु बाबा रामदेव ने बाबा बागेश्वर के नाम से चर्चित कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला है. झारखंड के जमशेदपुर में रविवार को महिला पतंजलि योग समिति (पूर्वी सिंहभूम) के प्रांतीय महासम्मेलन को संबोधित करते हुए रामदेव ने प्रेत बाधा दरबार लगाने और भगवान राम व कृष्ण की तुलना करने को लेकर शास्त्री को आड़े हाथों लिया. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को ‘बावला’ और ‘पाखंडी’ तक कह डाला और महिलाओं को ऐसे कथावाचकों से सावधान रहने की नसीहत दी.
मंच से अपने संबोधन में बाबा रामदेव ने कहा, “कुछ लोग ना वेद पढ़े हैं, ना दर्शन उपनिषद पढ़े हैं. ना कुरान पढ़े हैं, ना रामायण, ना महाभारत, ना संविधान को जानते हैं और ना लोकतंत्र को जानते हैं और खड़े होकर बकवास करते हैं. कहते हैं हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे, अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त.”
बात की शुरुआत इशारों में करने के बाद बाबा रामदेव ने यह स्पष्ट कर दिया कि उनके निशाने पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ही हैं.
गलत विचार और व्यक्ति से दूर रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, “सनातन का कोई एक छोटा पक्ष लेकर भीड़ को उत्तेजित करने वाले, ये ढोंगी पाखंडी कथाकार, जो धर्म के नाम पर, देवी-देवताओं के नाम पर, भूत-प्रेत बाधा के नाम पर… मैं तुम सबके अंदर भूत बुला सकता हूं, थोड़े बाल फैलाकर पांच बार झटका इधर से दिया, पांच बार उधर से दिया, भूत-प्रेत बाधा आ गई, फिर इस पर पानी छिड़क दो हो गया काम. सब लोगों में धार्मिक उन्माद पैदा करके उनका शोषण करते हैं.”
राम-कृष्ण वाले बयान पर जताई कड़ी नाराजगी
बाबा रामदेव ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना वाले विवादित बयान का जिक्र करते हुए कहा, “सबसे ज्यादा इस पाखंड का शिकार हमारी मां, बहन-बेटियां होती हैं. जो देवी-देवताओं की तुलना करे, राम महान हैं, कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं कहे और फिर माफी मांग ले. बांके बिहारी के आगे मत्था टेक दिया, फिर क्या बोल रहा है कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं. अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी. हम जानबूझकर बोल रहे हैं, ऐसी बात मत बोलो. समाज में हल्की बातें बोलने का किसी को अधिकार नहीं. हर चीज की एक मर्यादा है, एक प्रोटोकॉल है. देवी-देवताओं में तुलना नहीं करना, हंसी-मजाक ठिठोली में भी अपने अवतारी सत्ताओं का अनादर-अपमान… हमारी क्या औकात कि हम देवी-देवताओं की तुलना या उनका अपमान करें.”
उन्होंने आगे कहा, “यह गलत बात है, हम व्यक्तिगत रूप से भी कोई बोलता है तो उसे समझाते हैं और जब ना समझें तो हमें मंच पर बोलना पड़ता है. ताकि कल को कोई ना कहे कि स्वामी रामदेव के होते हुए कोई व्यक्ति पाखंड कर रहा था और स्वामी रामदेव ने नहीं टोका. इसलिए आज हमने मंच से ठोका है. लोगों को पता लगना चाहिए कि सनातन के नाम पर ढोंग, पाखंड और आडंबर नहीं कर सकते हैं. हमारे भीतर पीड़ा होती है. हम साधु हैं, इसलिए कभी भी विक्षिप्तता वाली बात नहीं करेंगे.”
हिंदी पोस्ट डॉट इन



















