Monday, 23 November 2026
स्पोर्ट्स

मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स: अंत तक लड़े ‘शतकवीर’ तिलक वर्मा, मगर पाकिस्तान-ए के खिलाफ नहीं दिला सके जीत

The Hindi Post

मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स: अंत तक लड़े ‘शतकवीर’ तिलक वर्मा, मगर पाकिस्तान-ए के खिलाफ नहीं दिला सके जीत

 

दोहा | पाकिस्तान-ए ने भारत-ए के खिलाफ रविवार को एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में 48 रन से जीत हासिल की. वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में तिलक वर्मा ने शतकीय पारी के साथ अपना दमखम दिखाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ‘ग्रुप-बी’ की प्वाइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तान-ए 49.2 ओवरों में 313 रन पर सिमट गई. शामल हुसैन ने माज सदाकत के साथ पहले विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की. हुसैन 23 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने 67 के स्कोर पर रोहेल नजीर (0) का विकेट भी गंवा दिया.

यहां से हसन नवाज (79) ने मोर्चा संभाला. उन्होंने माज सदाकत (59) के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की, जबकि कप्तान अब्दुल समद (28) के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन जुटाए. इसके अलावा, फरहान यूसुफ के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 रन टीम के खाते में जोड़े.

पाकिस्तान ने 230 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद फरहान यूसुफ ने छोटी-छोटी साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचाया. यूसुफ 48 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए.

भारतीय खेमे से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि आयुष बडोनी को 1 विकेट हाथ लगा.

इसके जवाब में भारतीय टीम 49.1 ओवरों में 265 रन पर सिमट गई. सलामी जोड़ी के रूप में वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी की. वैभव 13 गेंदों में 2 चौकों के साथ 11 रन बनाकर आउट हुए. टीम के खाते में एक रन और जुड़ा था कि आयुष बडोनी (0) भी अपना विकेट गंवा बैठे.

यहां से कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला. उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचाया. अभिषेक 42 गेंदों में 6 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए. आलम ये रहा कि 25.3 ओवरों के खेल तक भारत ने 129 के स्कोर पर अपना छठा विकेट भी खो दिया.

इसके बाद तिलक ने शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 108 गेंदों में 112 रन की साझेदारी करते हुए भारत की आस को फिर से जगा दिया था, लेकिन शाहबाज (56) का विकेट गिरने के बाद सभी उम्मीदें खत्म हो गईं. तिलक आखिरी विकेट के रूप में 149 गेंदों में 1 छक्के और 7 चौकों की मदद से 100 रन बनाकर आउट हुए. पाकिस्तान की तरफ से अली रजा और हसन नवाज ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद इमरान ने 2 विकेट झटके.

IANS

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

ताज़ा खबरें

error: Content is protected !!